
पटना, 5 जून 2025।बिहार के राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों में पढ़ाई कर रहे फायर टेक्नोलॉजी एंड सेफ्टी शाखा के 2025 बैच के छात्र-छात्राओं के लिए नौकरी का सुनहरा अवसर आया है। देश की अग्रणी ऑटोमोबाइल निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड द्वारा इन विद्यार्थियों के नियोजन हेतु 6 जून 2025 को तारामंडल, पटना में साक्षात्कार कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
4.75 लाख रुपये का वार्षिक पैकेज
कंपनी द्वारा आयोजित इस प्लेसमेंट ड्राइव के तहत प्री-प्लेसमेंट वार्ता, प्रोफाइल शॉर्टलिस्टिंग और ऑनलाइन टेस्ट की प्रक्रिया पहले ही पूरी कर ली गई है। अब अंतिम चरण में साक्षात्कार आयोजित होगा, जिसके आधार पर चयनित छात्र-छात्राओं को जूनियर इंजीनियर ट्रेनी के पद पर नियुक्त किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को पहले वर्ष में 4.75 लाख रुपये वार्षिक पैकेज मिलेगा, जो दूसरे वर्ष में बढ़कर 5.25 लाख रुपये प्रति वर्ष हो जाएगा।
आईआईटी पटना और विज्ञान एवं प्रावैधिकी विभाग का संयुक्त प्रयास
इस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन आईआईटी पटना के सहयोग से विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार द्वारा किया जा रहा है। विभाग ने कहा है कि बिहार के पॉलिटेक्निक छात्रों को देश की शीर्ष कंपनियों में करियर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। विभाग लगातार ऐसी औद्योगिक सहभागिता और प्लेसमेंट गतिविधियों का आयोजन कर रहा है ताकि राज्य के तकनीकी छात्र-छात्राएं रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।
छात्रों में उत्साह, बेहतर भविष्य की उम्मीद
इस साक्षात्कार को लेकर छात्रों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल है। विभाग का मानना है कि इस तरह के अवसर न केवल युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाएंगे, बल्कि बिहार को तकनीकी रूप से भी सशक्त बनाएंगे।


