नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचार और पश्चिम बंगाल में बांग्लादेशी नागरिकों को नौकरी दिए जाने के आरोपों को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जोरदार हमला बोला है।
गिरिराज सिंह ने कहा कि ममता बनर्जी को सत्ता की इतनी लालसा है कि वह पश्चिम बंगाल को बांग्लादेश बनाने की दिशा में काम कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर अत्याचार हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पश्चिम बंगाल में बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्याओं को नौकरियां दी जा रही हैं।
केंद्रीय मंत्री ने इस पूरे मामले को बेहद गंभीर बताते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को स्वयं इस मुद्दे पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और यदि आरोप सही हैं तो ऐसे लोगों को तत्काल नौकरी से हटाना चाहिए।
गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ऐसा इसलिए नहीं कर रही हैं क्योंकि उन्हें अपने वोट बैंक की चिंता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वोट की राजनीति के चलते ऐसा प्रतीत होता है कि वह पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि बांग्लादेश की मुख्यमंत्री बनने की कोशिश कर रही हैं।


