गंगा एक्सप्रेस-वे की सौगात: शाहनवाज हुसैन ने जताया बिहार सरकार का आभार, अंगप्रदेश के विकास में मील का पत्थर

भागलपुर, 16 जुलाई 2025: बिहार सरकार द्वारा मुंगेर से सबौर तक गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण को स्वीकृति दिए जाने पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने प्रसन्नता जताई है। उन्होंने इसे अंगप्रदेश के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन को इसके लिए धन्यवाद दिया।

शाहनवाज हुसैन ने कहा कि लगभग 9960 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह एक्सप्रेस-वे मुंगेर से भागलपुर (सबौर) तक का संचार मार्ग न केवल यातायात को सुगम बनाएगा, बल्कि इस पूरे क्षेत्र में उद्योग, पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों को भी नया आयाम देगा। उन्होंने इसे गंगा किनारे विकसित होने वाले “मरीन ड्राइव” जैसे स्वरूप में देखा और बताया कि यह परियोजना दो चरणों में पूरी होगी।

परियोजना का खाका: दो चरणों में होगा निर्माण

  • पहला चरण:
    मुंगेर के सफियाबाद से बरियारपुर, घोरघट होते हुए सुल्तानगंज तक लगभग 42 किमी लंबाई का निर्माण होगा, जिस पर 5120 करोड़ रुपये व्यय होंगे।
  • दूसरा चरण:
    सुल्तानगंज से सबौर (भागलपुर) तक 42 किमी की दूरी कवर की जाएगी, जिसके लिए 4850 करोड़ रुपये की लागत अनुमानित है। इस खंड में गंगा किनारे विभिन्न घाटों के निर्माण का भी प्रस्ताव है।

कांवरियों को भी मिलेगी सुविधा

शाहनवाज हुसैन ने कहा कि इस एक्सप्रेस-वे के निर्माण से विशेषकर श्रावणी मेले के दौरान कांवर यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलेगी। ट्रैफिक जाम से मुक्ति, बेहतर सड़क अनुभव और तेज आवागमन इस परियोजना की प्रमुख विशेषताएं होंगी।

अंगप्रदेश को मिल रही लगातार सौगातें

शाहनवाज हुसैन ने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों स्तरों पर एनडीए सरकार द्वारा भागलपुर और अंगप्रदेश को विकास की लगातार सौगातें दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के ऐलान से इलाके में खुशी की लहर है और लोग राज्य सरकार के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त कर रहे हैं।

भागलपुर दौरे पर विभिन्न कार्यक्रमों में की शिरकत

एक दिवसीय भागलपुर दौरे पर पहुंचे भाजपा नेता ने बुधवार को कई सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने चुनिहारी टोला स्थित राधा माधव मंदिर में शास्त्रार्थ महारथी स्वामी राघवाचार्य जी महाराज की 33वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इसके साथ ही एमजी रोड पर एक शो रूम का उद्घाटन किया और बिहपुर में विधायक इंजीनियर शैलेन्द्र द्वारा आयोजित शतचंडी महायज्ञ और रुद्राभिषेक कार्यक्रम में भी सम्मिलित हुए।


 

  • Related Posts

    ड्यूटी पर जा रहे होमगार्ड जवानों को तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर: एक की मौत, दूसरा गंभीर

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    पटना में शादी समारोह में ‘तमंचे पर डिस्को’: अवैध हथियारों से हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल, कार्रवाई की उठी मांग

    Share Add as a preferred…

    Continue reading

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *