पटना में शादी समारोह में ‘तमंचे पर डिस्को’: अवैध हथियारों से हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल, कार्रवाई की उठी मांग

पटना। बिहार की राजधानी पटना में शादी समारोह के दौरान अवैध हथियारों के साथ हर्ष फायरिंग का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। पुलिस की सख्त चेतावनी और प्रतिबंध के बावजूद समारोह में खुलेआम हथियार लहराने और फायरिंग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता और नाराजगी दोनों देखने को मिल रही है।

मामला पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल के अंतर्गत बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के रानीसराय इलाके का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, यहां 21 फरवरी को आयोजित एक शादी समारोह के दौरान नाच-गाने का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान कुछ युवक मंच के पास अवैध हथियारों के साथ नजर आए और ‘तमंचे पर डिस्को’ करते हुए हर्ष फायरिंग करने लगे।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक हाथ में देसी कट्टा और पिस्टल जैसी दिखने वाली हथियार लेकर डांसरों के सामने लहरा रहा है। पहले वह फायर करने की कोशिश करता है, लेकिन गोली नहीं चलती। इसके बाद वह हथियार में फिर से गोली भरता है और नाच-गाने के बीच ही फायरिंग कर देता है। फायरिंग के दौरान आसपास मौजूद लोग भी तमाशा देखते नजर आते हैं।

वीडियो में एक अन्य युवक भी दिखाई देता है, जिसकी कमर में पिस्टल खोंसी हुई है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे लेकर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

गौरतलब है कि शादी या अन्य समारोहों में हर्ष फायरिंग को लेकर बिहार में पहले से ही सख्त नियम लागू हैं। इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं सामने आना कानून-व्यवस्था और पुलिस की निगरानी पर सवाल खड़े कर रहा है।

स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स ने प्रशासन से मांग की है कि वीडियो की जांच कर दोषियों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की खतरनाक घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। फिलहाल इस मामले में पुलिस की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

  • ये भी पढ़े..

    भरत तिवारी एनकाउंटर केस: जांच आयोग के सामने फूट पड़ा मां का दर्द, STF को देखकर बोलीं- “मेरे बेटे के हत्यारों को फांसी हो”

    Share Add as a preferred…

    बिहार में AI क्रांति की तैयारी! गूगल, माइक्रोसॉफ्ट समेत 4 बड़ी कंपनियों के साथ होगा समझौता, कैबिनेट से मिली मंजूरी

    Share Add as a preferred…