
भागलपुर। जन्मजात हृदय रोग से ग्रसित बच्चों के लिए एक विशेष निःशुल्क मेगा मेडिकल कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर जीवन जागृति सोसाइटी, शिशु अकादमी भागलपुर और नारायणा हेल्थ (कोलकाता) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा।
शिविर में नारायणा सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल कोलकाता और रवींद्रनाथ टैगोर इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियक साइंसेज की विशेषज्ञ टीम द्वारा बच्चों की निःशुल्क हृदय रोग जांच की जाएगी।
सैकड़ों बच्चों को मिल चुका है जीवनदान
सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह ने जानकारी दी कि संस्था बीते वर्षों से नारायणा हेल्थ के सहयोग से जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों का ऑपरेशन करवा रही है। अब तक सैकड़ों बच्चों को नया जीवन दिया जा चुका है। इस बार भी अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवार इस सेवा का लाभ ले सकें, इसके लिए इस मेगा कैम्प का आयोजन किया जा रहा है।
विशेषज्ञों की टीम करेगी जांच
शिविर में कोलकाता से आए वरिष्ठ शिशु हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अमिताभ चट्टोपाध्याय एवं उनकी टीम बच्चों की जांच करेंगी। जांच के उपरांत जिन बच्चों को ऑपरेशन की आवश्यकता होगी, उनका इलाज पूरी तरह निःशुल्क कोलकाता में किया जाएगा।
सरकारी योजना का भी मिलेगा लाभ
उल्लेखनीय है कि बिहार सरकार की मुख्यमंत्री आरोग्य योजना के तहत भी बच्चों का मुफ्त इलाज संभव है, लेकिन ग्रामीण इलाकों के साधारण परिवारों के लिए इसकी प्रक्रिया पूरी कर पाना कठिन होता है। इस कार्य में जीवन जागृति सोसाइटी मदद करती है और जरूरतमंद बच्चों का इलाज सुनिश्चित कराती है।
ऐसे लक्षण हों तो जरूर आएं शिविर में
डॉ. सिंह ने बताया कि यदि किसी बच्चे में
- सांस फूलना या तेज़ चलना
- शरीर, होंठ या नाखून का नीला पड़ना
जैसे लक्षण दिखें, तो यह जन्मजात हृदय रोग का संकेत हो सकता है। ऐसे में माता-पिता को अवश्य इस कैंप में आकर परामर्श लेना चाहिए।
कैसे करें रजिस्ट्रेशन
शिविर में शामिल होने के लिए फोन के माध्यम से पूर्व रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। साथ ही रजिस्ट्रेशन के दिन अभिभावक का आधार कार्ड (फोटो कॉपी) और बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र (यदि उपलब्ध हो) लाना जरूरी है। परामर्श के लिए जन्म प्रमाण पत्र अनिवार्य नहीं है।
सम्मेलन में रहे ये लोग उपस्थित
शिविर की जानकारी देने के लिए आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आईएपी कोषाध्यक्ष डॉ. आर. के. मिश्रा, सोसाइटी के सचिव सोमेश यादव, रवींद्रनाथ टैगोर हॉस्पिटल के हरिओम दास सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
संपर्क कर रजिस्ट्रेशन कराएं और अपने बच्चे को हृदय रोग से मुक्त कर नया जीवन दें।


