16 जुलाई 2025 |भागलपुर, बिहार: पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अश्विनी कुमार चौबे के भागलपुर आगमन पर बुधवार को भव्य स्वागत किया गया। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष चंदन ठाकुर की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने भागलपुर रेलवे स्टेशन पर ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और राष्ट्रभक्ति एवं धार्मिक नारों के बीच उनका जोरदार अभिनंदन किया। स्टेशन परिसर “भारत माता की जय” और “सनातन धर्म की जय” जैसे नारों से गूंज उठा।
जिला परिषद में भाजपा पदाधिकारियों से मुलाकात
रेलवे स्टेशन से अश्विनी चौबे सीधे जिला परिषद परिसर पहुंचे, जहां भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष शाह ने अपनी टीम के साथ उनका स्वागत किया।
उल्लेखनीय है कि श्री चौबे हाल ही में पटना में आयोजित सनातन महाकुंभ के सफल नेतृत्व के बाद “सनातन संघ भारत जनचेतना अभियान” की अगली कड़ी को लेकर भागलपुर पहुंचे हैं। इसी क्रम में उन्होंने जिले के प्रमुख नेताओं, कार्यकर्ताओं और नागरिकों से संवाद किया।
मंत्री मोतीलाल प्रसाद से हुई भेंट
जिला परिषद में उनकी मुलाकात बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा मंत्री मोतीलाल प्रसाद से हुई। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे का गर्मजोशी से अभिवादन किया और सामाजिक-धार्मिक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान भाजपा के अनेक पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।
33वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि और स्मारिका विमोचन
श्री चौबे ने चुनिहारी टोला स्थित राधा माधव मंदिर में आयोजित शास्त्रार्थ महारथी स्वामी राघवाचार्य जी महाराज की 33वीं पुण्यतिथि के श्रद्धांजलि समारोह में भाग लिया। उन्होंने स्वामी जी के आध्यात्मिक योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस मौके पर जगतगुरु स्वामी रामानुजाचार्य अनंताचार्य जी महाराज भी उपस्थित रहे। राघव भवन में अश्विनी चौबे एवं स्वामी अनंताचार्य जी ने संयुक्त रूप से “सनातन संवाद स्मारिका” का विधिवत विमोचन किया।
कल दरियापुर में कुलदेवी का आशीर्वाद और अभियान की घोषणा
श्री चौबे ने जानकारी दी कि वे 17 जुलाई को अपने पैतृक गांव दरियापुर जाएंगे, जहां वे कुलदेवी का आशीर्वाद लेंगे। इसके पश्चात वे भाजपा कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों एवं सनातन संघ भारत से जुड़े सदस्यों के साथ बैठक कर जनचेतना अभियान की औपचारिक शुरुआत की तिथि की घोषणा करेंगे।
उन्होंने बताया कि कल दोपहर 3:00 बजे प्रेस वार्ता आयोजित कर वे इस जन आंदोलन के उद्देश्यों और कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी साझा करेंगे।


