गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी एयर इंडिया विमान हादसे में नहीं रहे

अहमदाबाद-लंदन एयर इंडिया फ्लाइट हादसे में 200 से अधिक की मौत, पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी का भी निधन

अहमदाबाद। गुरुवार दोपहर अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद भीषण हादसे का शिकार हो गई। इस विमान में कुल 242 लोग सवार थे। हादसे में 200 से अधिक लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। इस दुखद घटना में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी का भी निधन हो गया।

कैसे हुआ हादसा?

एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 ने अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दोपहर 1:38 बजे उड़ान भरी थी। टेकऑफ के पांच मिनट बाद ही विमान ने ‘Mayday’ सिग्नल भेजा और अहमदाबाद के मेघाणी नगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। क्रैश के बाद विमान में भीषण आग लग गई और चारों ओर काले धुएं का गुबार फैल गया।

रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान ने उड़ान भरने के तुरंत बाद गंभीर तकनीकी खराबी की सूचना दी थी। हादसे से पहले पायलट का एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया था।

विजय रुपाणी को लेकर स्थिति

फ्लाइट की पैसेंजर लिस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी का नाम सीट नंबर 2D पर दर्ज था। अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर जी.एस. मलिक ने विजय रुपाणी के निधन की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।

कौन थे विजय रुपाणी?

विजय भाई रमणिकलाल रुपाणी का जन्म 2 अगस्त 1956 को म्यांमार में हुआ था। 2016 में आनंदीबेन पटेल के इस्तीफे के बाद वे गुजरात के मुख्यमंत्री बने और 2021 तक इस पद पर कार्यरत रहे। 1998 में राजकोट के मेयर चुने गए रुपाणी 2006 में राज्यसभा सांसद और 2014 में राजकोट पश्चिम से विधायक बने। वे शांत और संगठननिष्ठ नेता के रूप में जाने जाते थे।

मौके पर राहत और बचाव अभियान

दुर्घटना के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड, पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। अभी तक 200 से अधिक शव बरामद किए जा चुके हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक यात्री को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर राहत कार्य और मलबा हटाने का कार्य जारी है।

जांच के आदेश

नागरिक उड्डयन मंत्रालय और DGCA ने हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। एयर इंडिया और DGCA की संयुक्त टीम मामले की तकनीकी जांच कर रही है। साथ ही, विमान का ब्लैक बॉक्स भी बरामद कर लिया गया है, जिसकी डिकोडिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इलाके में दहशत का माहौल

दुर्घटना के बाद मेघाणी नगर और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और घटनास्थल को पूरी तरह सील कर दिया गया है।


यह अब तक की सबसे भीषण विमान दुर्घटनाओं में से एक मानी जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी के असामयिक निधन से गुजरात समेत पूरे देश में शोक की लहर है।


 

  • Related Posts

    होर्मुज में ट्रंप की ‘अग्निपरीक्षा’! 7 मित्र देशों ने युद्धपोत भेजने से मोड़ा मुंह; ईरान-इजरायल युद्ध से दहला मध्य पूर्व, दुबई एयरपोर्ट पर ड्रोन हमला

    Share Add as a preferred…

    Continue reading

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *