बिहार में बाढ़ का खतरा गहराया, गंगा का जलस्तर रिकॉर्ड तोड़ने के करीब – 38 जिलों में बारिश का अलर्ट

बिहार में लगातार हो रही भारी बारिश ने हालात को और गंभीर बना दिया है। कई जिलों में नदियां उफान पर हैं और गंगा के किनारे बसे इलाके बाढ़ जैसी स्थिति से जूझ रहे हैं। पटना, मुंगेर और बक्सर समेत कई जगह गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। राजधानी पटना में तो स्थिति इतनी गंभीर है कि 49 साल पुराना जलस्तर रिकॉर्ड टूटने की आशंका है।

पटना में गंगा का जलस्तर रिकॉर्ड के करीब
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, मनेर, दीघा घाट, गांधी घाट, बक्सर, हाथीदह और मुंगेर में गंगा का पानी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। 1976 में मनेर में 53.79 मीटर का जलस्तर दर्ज हुआ था, जबकि फिलहाल यह 53.31 मीटर तक पहुंच चुका है—सिर्फ 48 सेंटीमीटर दूर रिकॉर्ड टूटने से। गांधी घाट पर भी 2016 का रिकॉर्ड टूटने की संभावना है।

स्कूलों पर पड़ा बाढ़ का असर
बाढ़ की मार से कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। खगड़िया में 32 स्कूल 14 अगस्त तक बंद रहेंगे, वैशाली के राघोपुर में 80 स्कूलों पर ताला लटक गया है, जबकि पटना के दियारा क्षेत्रों में स्कूल अगले आदेश तक बंद करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

38 जिलों में अलर्ट, बिजली गिरने की चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बिहार के सभी 38 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट है, जहां बिजली गिरने और तेज हवाओं का खतरा है, जबकि बाकी जिलों में येलो अलर्ट है।

आज किन जिलों में होगी सबसे ज्यादा बारिश?

  • बहुत भारी बारिश – अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार
  • तेज बारिश – मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, चंपारण, भभुआ और बक्सर
  • दक्षिण बिहार – हल्की से मध्यम बारिश

मानसून में 27% कम बारिश, खेती पर संकट
भले ही पिछले 24 घंटों में बारिश ने रफ्तार पकड़ी हो, लेकिन मानसून सीजन में अब तक बिहार में सामान्य से 27% कम बारिश हुई है। औसतन 560.4 मिमी की जगह सिर्फ 409.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो कृषि और जल संसाधन के लिए चिंता का विषय है।

बीते 24 घंटों में कहां हुई सबसे ज्यादा बारिश?

  • रोहतास – 56.6 मिमी
  • भभुआ – 37.6 मिमी
  • औरंगाबाद – 22.6 मिमी
  • गया – 20.6 मिमी
  • बांका – 15.8 मिमी

पटना का आज का मौसम
राजधानी पटना में आज दिनभर बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। उमस बरकरार रहेगी, लेकिन बारिश से कुछ राहत मिलेगी।


 

  • Related Posts

    पटना में NDA का शक्ति प्रदर्शन! नीतीश, नितिन नवीन और उपेंद्र कुशवाहा समेत 5 दिग्गजों ने भरा राज्यसभा का नामांकन; अमित शाह रहे मौजूद

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    औन्टा में CRPF जवानों और ग्रामीणों के बीच भीषण भिड़ंत; पेट्रोल बम चले, घर में घुसकर पिटाई का आरोप; इलाके में तनाव

    Share Add as a preferred…

    Continue reading