
कटिहार: बिहार के कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोलासी पुलिस शिविर क्षेत्र के मधुरा गांव स्थित एक किराना दुकान के बरामदे में रखे कोल्ड ड्रिंक के कैरेट से पांच देसी बम बरामद होने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, किराना दुकान के सामने रखे कोल्ड ड्रिंक के कैरेट में काले रंग की पॉलिथीन के ऊपर पांच संदिग्ध देसी बम रखे हुए थे। बम दिखाई देते ही स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने के बाद कोढ़ा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी बमों को सुरक्षित तरीके से जब्त कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम और बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया है। विशेषज्ञ टीम बमों की प्रकृति, विस्फोटक क्षमता और उन्हें वहां रखने के उद्देश्य की जांच करेगी।
स्थानीय सरपंच मोती ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि मोहर्रम जैसे संवेदनशील पर्व से पहले इस तरह बम बरामद होना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने प्रशासन से दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
कोढ़ा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दुकानदार की कुछ लोगों के साथ पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। ऐसे में निजी दुश्मनी के तहत किसी ने बम रखकर दुकानदार को डराने या फंसाने की कोशिश की हो, इस एंगल से भी जांच की जा रही है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बम कब और किसके द्वारा वहां रखे गए। वहीं मोहर्रम को देखते हुए पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई है।
फिलहाल पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है। एफएसएल रिपोर्ट और बम निरोधक दस्ते की तकनीकी जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।


