
भागलपुर के बसंतपुर गांव में रविवार को फिटनेस आइकॉन राजा यादव उर्फ बिहारी टार्जन का जोरदार स्वागत किया गया। गांव में पहुंचने पर लोजपा (रामविलास) के प्रदेश सचिव विजय यादव, हम पार्टी के युवा जिलाध्यक्ष सनोज यादव, पूर्व जिला परिषद सदस्य अरविंद मंडल और देसी जिम के संचालक नंदू ने उन्हें फूल-माला और अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर राजा यादव ने मीडिया से बातचीत में युवाओं से नशा छोड़ फिटनेस अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि –
“आज के युवा बड़ी तेजी से नशे की चपेट में आ रहे हैं, जो उनके शरीर, मन और भविष्य तीनों के लिए घातक है। नशे से दूर रहकर अगर युवा अपनी ऊर्जा व्यायाम और खेल-कूद में लगाएं तो वे समाज और देश के लिए प्रेरणा बन सकते हैं।”
राजा यादव ने यह भी कहा कि देसी जिम जैसी पहलें गांवों में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने के लिए बेहद अहम हैं, और युवा अगर स्वेच्छा से जुड़ें, तो कई सामाजिक बुराइयों पर नियंत्रण पाया जा सकता है।
इस कार्यक्रम में विजय यादव ने भी युवाओं को संबोधित करते हुए कहा –
“स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ विचार आते हैं। व्यायाम और अनुशासित दिनचर्या न सिर्फ तन को मजबूत बनाती है बल्कि मनोबल और आत्मविश्वास भी देती है।”
कार्यक्रम के अंत में गांव के युवाओं ने देसी जिम में राजा यादव के साथ व्यायाम प्रदर्शन भी किया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।
बिहारी टार्जन की उपस्थिति से युवाओं में उत्साह का माहौल रहा और सभी ने नशा छोड़ फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।


