बिहार में पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद हर्ष फायरिंग के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। हर्ष फायरिंग के दौरान गया में ऑर्केस्ट्रा का नाच देख रहे युवक की गोली लगने से मौत हो गई। इस घटना के बाद तिलक समारोह में हड़कंप मच गया।
दरअसल, मंगलवार की सुबह कोच थाना की पुलिस को सूचना मिली कि तूतूरखी गांव में तिलक समारोह में डांस के दौरान व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई है। सूचना मिलते ही कोंच थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे मे ले लिया।
एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए टिकारी एसडीपीओ को घटनास्थल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। टीएम एफएसएल को लेकर घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जमा किया गया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
एसडीपीओ ने बताया कि तकनीकी अनुसंधान के आधार पर सभी बिंदुओं पर गहनतापूर्वक जांच की जा रही है और हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पुलिस मामले का खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार कर लेगी। उधर, इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


