
भागलपुर।बिहार के भागलपुर जिले में बेखौफ चोरों ने मूसलाधार बारिश का फायदा उठाते हुए एक बैंक अधिकारी के बंद घर को निशाना बनाकर दिनदहाड़े करीब 24 लाख रुपये मूल्य की बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी की यह घटना वायपास थाना क्षेत्र के सूर्यलोक कॉलोनी की है, जहां पटना में पदस्थापित आईसीआईसीआई बैंक के स्टेट हेड के घर से चार लाख रुपये नगद और करीब 20 लाख के सोने-चांदी के जेवरात चोर चुरा ले गए।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित परिवार ने बताया कि वे मधुश्रावणी पर्व के समापन पर अपने रिश्तेदार के घर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने मौका देख कर घर के मुख्य गेट का ताला जस का तस छोड़ते हुए, भीतर के सात कमरों के ताले तोड़ डाले और नगदी व कीमती जेवरात समेट कर फरार हो गए।
जब परिवार के सदस्य शाम करीब 8:30 बजे लौटे, तो बाहर ग्रिल का ताला लगा मिला, लेकिन अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। सभी लॉकर और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे और सारा सामान बिखरा पड़ा था।
क्या-क्या हुआ चोरी?
बैंक अधिकारी के भाई ऋषितोष झा, जो खुद पटना में एक प्राइवेट शिक्षक हैं, ने बताया कि—
- कुल चार लाख रुपये नकद,
- नई नवविवाहिता पत्नी की अंगूठी, हार, मंगलसूत्र, किआ, लॉकेट सहित अन्य गहने,
- और तीनों भाइयों के परिवारों के कीमती जेवरात चोरी कर लिए गए हैं।
- इसके अलावा जमीन खरीदने के लिए रखा गया नकद कैश भी गायब है।
बारिश बनी चोरों के लिए ढाल
चोरी की यह वारदात उस समय हुई जब लगातार मूसलाधार बारिश हो रही थी, जिससे आसपास के लोग घरों में बंद थे और बाहर कोई हलचल सुनाई नहीं दी। चोरों ने इसी मौके का फायदा उठाया और करीब 10 घंटे के भीतर योजना बनाकर पूरी वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस कर रही जांच
घटना की जानकारी मिलते ही वायपास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी (विधि व्यवस्था) नवनीत कुमार ने बताया कि
“पीड़ित के लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल की जांच की जा चुकी है। जल्द ही इस चोरी का खुलासा किया जाएगा।”
पीड़ित परिवार सदमे में
गृहस्वामी के मुताबिक, यह चोरी व्यक्तिगत और भावनात्मक रूप से भी गहरी क्षति है क्योंकि चोरी गए जेवरात में नई बहू की शादी के गहने और वर्षों की कमाई शामिल थी। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में दहशत और असुरक्षा का माहौल है।


