
महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले से एक बेहद भावुक और दर्दनाक घटना सामने आई है। बेटी की विदाई के दौरान पिता को अचानक दिल का दौरा पड़ गया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद शादी वाला घर मातम में बदल गया।
मृतक की पहचान 50 वर्षीय कुरुमदास कुंडलीक भूटेकर के रूप में हुई है। वे वर्दादी गांव के रहने वाले थे। उनकी बेटी नंदिनी की शादी जालना जिले के मंथा निवासी प्रदीप नानोटे से तय हुई थी। गुरुवार शाम पूरे रीति-रिवाज और धूमधाम से विवाह समारोह आयोजित किया गया था।
बताया गया कि शादी की रस्में पूरी होने के बाद विदाई की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान कुरुमदास अपनी बेटी का हाथ दूल्हे के परिवार को सौंप रहे थे, तभी अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और वे मंडप में ही गिर पड़े।
शुरुआत में लोगों को लगा कि वे भावुकता या थकान की वजह से बेहोश हुए हैं, लेकिन जब हालत बिगड़ी तो उन्हें तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, कुरुमदास पहले से हृदय संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे। दिसंबर में उनकी बाईपास सर्जरी भी हुई थी। डॉक्टरों ने उन्हें तनाव और अधिक थकान से बचने की सलाह दी थी। परिवार का कहना है कि बेटी की शादी उनका सबसे बड़ा सपना था और वे इस मौके को लेकर बेहद भावुक थे।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। जिस घर में बेटी की विदाई की तैयारी थी, वहीं अब पिता की अंतिम यात्रा की तैयारी होने लगी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


