
मुरादाबाद स्थित तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (TMU) अस्पताल में एक बेहद दुर्लभ मामला सामने आया है। संभल जिले की 31 वर्षीय अमीना ने महज 5 दिनों के भीतर 4 बच्चों को जन्म दिया। खास बात यह रही कि इतने हाई-रिस्क मामले में चारों बच्चों की नॉर्मल डिलीवरी कराई गई।
अमीना असमोली क्षेत्र की रहने वाली हैं। शुरुआती जांच में डॉक्टरों को पता चला था कि उनके गर्भ में चार भ्रूण पल रहे हैं। मेडिकल विशेषज्ञों के अनुसार यह बेहद संवेदनशील और जोखिम भरा मामला था।
डॉक्टरों ने परिवार को फीटल रिडक्शन यानी भ्रूणों की संख्या कम करने की सलाह दी थी, ताकि मां और बच्चों की जान को सुरक्षित रखा जा सके। लेकिन परिवार ने सभी बच्चों को जन्म देने का फैसला किया।
गर्भावस्था के दौरान अमीना को ब्लड प्रेशर और लीवर से जुड़ी कई समस्याओं का सामना करना पड़ा। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी करती रही और हर 15 से 20 दिन पर जांच की जाती थी।
अस्पताल के अनुसार 8 मई को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। 9 मई को पहले बच्चे का जन्म हुआ, जिसका वजन करीब 710 ग्राम था। उस समय डॉक्टरों ने बाकी डिलीवरी को नियंत्रित कर रोक दिया, क्योंकि गर्भावस्था लगभग साढ़े छह से सात महीने की थी।
इसके बाद 14 मई को दोबारा प्रसव पीड़ा शुरू हुई और अस्पताल पहुंचने पर तीन अन्य बच्चों की भी सफल नॉर्मल डिलीवरी कराई गई। इनमें एक बेटा और दो बेटियां शामिल हैं।
फिलहाल मां और चारों नवजात बच्चों को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों के मुताबिक एक बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है, जबकि बाकी बच्चों को विशेष देखभाल की जरूरत है।
इस जटिल डिलीवरी को सफल बनाने में डॉ. शुभ्रा अग्रवाल, डॉ. पूर्ति, डॉ. रोली और डॉ. मोनिका समेत कई विशेषज्ञ डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की अहम भूमिका रही।


