मुजफ्फरपुर। नगर थाना क्षेत्र के मोतीझील स्थित एसएसपी कार्यालय के पीछे गली में मंगलवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली NCERT किताबों के अवैध धंधे का भंडाफोड़ किया। छापेमारी में पुलिस ने करीब 40 लाख रुपये से अधिक मूल्य की हजारों नकली किताबें जब्त की हैं। इस सिलसिले में दुकानदार सहित दो लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है।
शंकर पुस्तक भंडार और घनश्याम एंड को. के गोदाम पर छापा
छापेमारी मोतीझील की पीएन राय गली में स्थित शंकर पुस्तक भंडार के मालिक के घर और गोदाम पर की गई। पुलिस को यह जानकारी कोलकाता से आए NCERT के लीगल अधिकारियों से प्राप्त हुई थी, जिन्होंने स्थानीय स्तर पर जांच कर पुष्टि की कि इलाके में नकली NCERT और BTBC किताबों की आपूर्ति बड़े पैमाने पर हो रही है।
इसके बाद नगर थाना की पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गोदाम पर छापा मारा, जहाँ से NCERT और BTBC की नकली किताबों का भारी जखीरा बरामद किया गया।
छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ और सरकार को राजस्व की क्षति
ग्रामीण एसपी राजेश कुमार सिंह प्रभाकर ने बताया कि नकली किताबों की बिक्री से छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था और साथ ही सरकार को राजस्व की भी बड़ी क्षति हो रही थी। यह गंभीर आर्थिक और शैक्षिक अपराध है। पुलिस ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी मामले से अवगत कराया है और आगे की जांच जारी है।
1974 से संचालित दुकान के नाम पर चल रहा था फर्जीवाड़ा
छापेमारी के दौरान पुलिस को शंकर पुस्तक भंडार के बोर्ड पर 1974 से दुकान संचालन का जिक्र मिला, वहीं 2010 से उसी पते पर ‘घनश्याम एंड कंपनी’ नामक फर्म भी संचालित पाई गई। जांच में सामने आया कि इन्हीं दोनों प्रतिष्ठानों के माध्यम से नकली किताबों की बिक्री की जा रही थी।
झारखंड सहित अन्य राज्यों में भी हो रही थी आपूर्ति
पुलिस को NCERT के अधिकारियों से जानकारी मिली कि इन प्रतिष्ठानों से बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा झारखंड और अन्य राज्यों में भी नकली किताबों की आपूर्ति की जा रही थी, जिससे सरकार को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा था।
प्रिंटिंग यूनिट का भी होगा भंडाफोड़
पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि इन नकली किताबों की छपाई कहां से कराई जा रही थी। जैसे ही छपाई से संबंधित स्थानों का पता चलेगा, वहां भी छापेमारी कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


