पटना/सीतामढ़ी। बिहार के उत्तरी इलाकों के यात्रियों के लिए एक बड़ी सौगात सामने आ रही है। राज्यसभा सदस्य संजय कुमार झा ने जानकारी दी है कि सीतामढ़ी से दिल्ली के बीच अमृत भारत ट्रेन का संचालन जल्द शुरू होगा। उन्होंने बताया कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से विशेष आग्रह कर इस ट्रेन के परिचालन की पहल की गई है।
सांसद झा ने बताया कि 8 अगस्त को पुनौराधाम में आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम के अवसर पर उन्होंने रेल मंत्री से इस ट्रेन की घोषणा करने का अनुरोध किया था। इस पर रेल मंत्री ने त्वरित संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं और आश्वस्त किया है कि जल्द ही इस ट्रेन का परिचालन शुरू किया जाएगा।
रेल नेटवर्क और अधोसंरचना के लिए रखी गईं कई अहम मांगें
संजय झा ने रेल मंत्री को सौंपे गए मांग पत्र में बिहार के रेल नेटवर्क को सुदृढ़ करने के लिए कई जरूरी प्रस्ताव रखे, जिनमें शामिल हैं:
- मधुबनी स्थित रेलवे गुमटी-13 पर जाम से निजात के लिए ओवर ब्रिज का निर्माण
- सीतामढ़ी–जयनगर–लौकहा–फारबिसगंज तथा झंझारपुर–सुपौल–मधेपुर (कोशी ब्रिज सहित) नई रेल लाइन का सर्वेक्षण
- झंझारपुर को अमृत स्टेशन का दर्जा देने की मांग
- लौकहा में कोचिंग कॉम्प्लेक्स और दो वॉशिंग पिट का निर्माण
- मनीगाछी में मेमू मेंटेनेंस शेड की स्थापना
नारायणपुर अनंत स्टेशन पर मिथिला एक्सप्रेस का ठहराव बहाल
इधर, समस्तीपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले नारायणपुर अनंत रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लंबे समय से स्टेशन पर मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव बंद था। अब रेलवे ने 13021/13022 मिथिला एक्सप्रेस का ठहराव पुनः शुरू कर दिया है। यह सुविधा 7 अगस्त से लागू हो गई है।
- अप मिथिला एक्सप्रेस (13022) दोपहर 13:53 बजे पहुंचेगी और 13:55 बजे प्रस्थान करेगी।
- डाउन मिथिला एक्सप्रेस (13021) आठ अगस्त को सुबह 04:18 बजे पहुंचेगी और 04:20 बजे प्रस्थान करेगी।
इस स्टेशन के पास महिला छात्रावास, आईटीआई कॉलेज, होम्योपैथिक कॉलेज और बड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित है। टिकटों की बढ़ती बिक्री से स्टेशन के विकास की संभावनाएं भी बढ़ गई हैं।
अन्य स्टेशनों पर भी ट्रेनों के ठहराव में सुधार
पूर्व मध्य रेल द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, निम्न स्टेशनों पर भी एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव बहाल किया गया है:
- दुबहा, सिहो और सिलौत: मिथिला एक्सप्रेस – 2 मिनट ठहराव
- कर्पूरीग्राम: मौर्य एक्सप्रेस, टाटा-छपरा एक्सप्रेस
- नयागांव: बाघ एक्सप्रेस
- परमानंदपुर: लिच्छवी एक्सप्रेस
- सराय स्टेशन: बरौनी-ग्वालियर एक्सप्रेस
- सोनपुर स्टेशन: सद्भावना, शहीद, सरयू-यमुना, पटना-जयनगर, टाटा-छपरा, मुजफ्फरपुर-सूरत एक्सप्रेस
रेलवे बोर्ड के निर्देश पर पूर्व मध्य रेल के मुख्य यातायात प्रबंधक (सीपीटीएम) ने उक्त आदेश जारी किए हैं, जिससे आम यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
