गयाजी (बिहार), 25 अक्टूबर 2025:बिहार के गया जिले में शुक्रवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ भाजपा नेता उपेंद्र प्रसाद के पुत्र सौरभ कुमार की हत्या के आरोपियों को पकड़ने के लिए की गई। इस कार्रवाई में पुलिस ने चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी बंटी पासवान गोली लगने से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, बकरौर गांव में पुलिस टीम अपराधियों की तलाश में पहुंची थी। जैसे ही पुलिस ने गांव में प्रवेश किया, अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी ओ में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान बंटी पासवान के पैर में दो गोलियां लगीं, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस ने बंटी पासवान के साथ नीतीश, राहुल और रोहित नामक तीन अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है। सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
गौरतलब है कि बीते बुधवार को भाजपा नेता उपेंद्र प्रसाद के पुत्र सौरभ कुमार की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से ही पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। अधिकारियों के अनुसार, इस हत्याकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश अब भी जारी है और जिलेभर में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।


