राज्यसभा में बिहार के 5 सांसदों को भावुक विदाई, हरिवंश के कार्यकाल की पीएम मोदी ने की सराहना

राज्यसभा में बुधवार को भावुक माहौल के बीच बिहार के पांच सांसदों को विदाई दी गई। अमेंद्र धारी सिंह, प्रेम चंद गुप्ता, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और हरिवंश नारायण सिंह का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। सदन में उनके योगदान को याद करते हुए सदस्यों ने भावभीनी विदाई दी।

हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव में भाजपा से नितिन नवीन और शिवेश राम, जदयू से नीतीश कुमार और रामनाथ ठाकुर तथा रालोमो से उपेंद्र कुशवाहा निर्वाचित हुए हैं। ऐसे में रामनाथ ठाकुर और उपेंद्र कुशवाहा की दोबारा उच्च सदन में वापसी तय हो गई है, जबकि अमेंद्र धारी सिंह, प्रेम चंद गुप्ता और हरिवंश नारायण सिंह अब राज्यसभा का हिस्सा नहीं रहेंगे।

जदयू से जुड़े हरिवंश नारायण सिंह की विदाई के दौरान सदन विशेष रूप से भावुक दिखा। नरेंद्र मोदी ने उनके 12 वर्षों के कार्यकाल की सराहना करते हुए उपसभापति के रूप में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। वहीं विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी उनके कार्यों को प्रेरणादायक बताया।

इसी के साथ देशभर से कुल 37 सांसदों का कार्यकाल पूरा हो रहा है। महाराष्ट्र से शरद पवार, प्रियंका चतुर्वेदी और रामदास अठावले जैसे नेता शामिल हैं। तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, हरियाणा और तेलंगाना सहित कई राज्यों के सांसद भी रिटायर हो रहे हैं।

इन विदाइयों के साथ ही राज्यसभा में नए सदस्यों के आने का रास्ता साफ हो गया है, जिससे आने वाले समय में उच्च सदन की राजनीति में नए समीकरण देखने को मिल सकते हैं।

  • Related Posts