भागलपुर, 23 अक्टूबर 2025।बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने गुरुवार को महिला आईटीआई परिसर में बनाए गए Polled EVM संग्रहण केंद्र सह वज्रगृह का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के सामान्य प्रेक्षक मौजूद थे —
152 बिहपुर के प्रेक्षक उमेश नारायण पांडे,
153 गोपालपुर के प्रेक्षक संजय कुमार खत्री
और 157 सुल्तानगंज के प्रेक्षक जगदीश सोनकर।
जिलाधिकारी ने अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के लिए तैयार वज्रगृह कक्षों का निरीक्षण करते हुए बताया कि कहां EVM रखे जाएंगे, मतगणना कहां होगी, तथा निर्वाची पदाधिकारी और प्रेक्षक के बैठने की व्यवस्था कैसी होगी।
उन्होंने रिसीविंग सेंटर और वाहन पार्किंग स्थल की स्थिति की जानकारी ली और कहा कि सभी वज्रगृहों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा CAPF के जवान 24 घंटे सुरक्षा निगरानी में तैनात रहेंगे ताकि चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त शुभम कुमार, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, वज्रगृह कोषांग के नोडल पदाधिकारी सह वरीय कोषागार पदाधिकारी देवेंद्र प्रसाद, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल, बिहपुर के निर्वाची पदाधिकारी सह भूमि सुधार उपसमाहर्ता नवगछिया शैलेंद्र कुमार सिंह, गोपालपुर के निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी नवगछिया ऋतुराज प्रताप सिंह, तथा सुल्तानगंज की निर्वाची पदाधिकारी सह डीसीएलआर सदर अपेक्षा मोदी सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि चुनाव की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और वज्रगृहों की सुरक्षा व पारदर्शिता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि मतगणना पूरी निष्पक्षता के साथ संपन्न हो सके।


