
पटना।लाखों रुपये के नोट जलाकर सबूत मिटाने वाले ग्रामीण कार्य विभाग के अधीक्षण अभियंता बिनोद कुमार राय की मुसीबतें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की जांच में मिली बेहिसाब संपत्तियों की जानकारी ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) को भेज दी गई है। जल्द ही उनके खिलाफ मनी लांड्रिंग का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू हो सकती है।
कंपनियों के जरिए खपाई अवैध कमाई
जांच में खुलासा हुआ है कि अभियंता राय ने अपनी अवैध कमाई को सफेद करने के लिए कई कंपनियां बना रखी थीं। गुरुवार रात ईओयू ने पटना के भूतनाथ रोड स्थित घर पर छापेमारी की थी।
नोट जलाने के बावजूद करोड़ों की संपत्ति बरामद
छापेमारी के दौरान अभियंता और उनकी पत्नी ने नोट जलाकर नष्ट करने की कोशिश की, लेकिन जांच में जले और क्षतिग्रस्त नोटों समेत 52 लाख रुपये नकद, 26 लाख के गहने और करोड़ों की चल-अचल संपत्ति के दस्तावेज बरामद हुए।
बीमारी का बहाना अब नहीं चलेगा
हाल ही में किडनी ट्रांसप्लांट कराए अभियंता बिनोद राय पूछताछ में सहयोग से बचते रहे। लेकिन अब ईडी की सख्त कार्रवाई से उनके लिए रास्ता और मुश्किल हो गया है।


