मोतिहारी/पटना।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के क्रम में शनिवार को पूर्वी चंपारण जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की भी समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने मोतिहारी स्थित महिला राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) का दौरा कर टाटा टेक के सहयोग से संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों का निरीक्षण किया। इस दौरान छात्राओं से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि कौशल विकास ही रोजगार का सबसे मजबूत आधार है। छात्राओं ने बताया कि इस प्रशिक्षण से उन्हें रोजगारोन्मुखी तकनीकी ज्ञान मिल रहा है।
172 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
आईटीआई परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से
34 करोड़ रुपये की 40 योजनाओं का शिलान्यास तथा
138 करोड़ रुपये की 30 योजनाओं का उद्घाटन किया।
उन्होंने लघु उद्यमी योजना एवं औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति के अंतर्गत लगे स्टॉलों का निरीक्षण किया और उद्यमियों के उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि स्वरोजगार से ही आर्थिक आत्मनिर्भरता संभव है।
जीविका दीदियों को 370 करोड़ की सहायता
मुख्यमंत्री ने जीविका स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी निरीक्षण किया और
27,429 समूहों को 370 करोड़ रुपये की बैंक लिंकेज सहायता का सांकेतिक चेक प्रदान किया।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक सशक्तता से समाज मजबूत होता है।
धनौती नदी पुल का निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने ग्राम मजुराहों में मोतिहारी–कोटवा मार्ग पर निर्माणाधीन धनौती नदी के उच्चस्तरीय आरसीसी पुल का जायजा लिया और अधिकारियों को शीघ्र कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।
विराट रामायण मंदिर का भी लिया जायजा
कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने कल्याणपुर प्रखंड स्थित निर्माणाधीन विराट रामायण मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और सहस्रलिंगम पूजन समारोह में भाग लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी विनय कुमार सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


