मोकामा के चर्चित बाहुबली विधायक अनंत सिंह मंगलवार को विधायक पद की शपथ लेंगे. पटना सिविल कोर्ट के ताज़ा फैसले के बाद यह संभव हो पाया है. अनंत सिंह फिलहाल दुलारचंद यादव हत्याकांड में जेल में बंद हैं, लेकिन अदालत ने उन्हें शपथ ग्रहण के लिए विशेष अनुमति दे दी है.
कोर्ट के इस फैसले के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है. जेल में रहते हुए शपथ लेने की इजाजत मिलने को लेकर सत्ता और विपक्ष दोनों खेमों में चर्चा का दौर जारी है. जानकारी के मुताबिक उनके शपथ ग्रहण के दौरान विधानसभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित पक्ष-विपक्ष के अधिकांश सदस्य मौजूद रहेंगे.
क्या है पूरा मामला?
बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान आरजेडी नेता दुलारचंद यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी. इस हत्याकांड में मोकामा के विधायक अनंत सिंह पर गंभीर आरोप लगे थे. वोटिंग से ठीक पहले पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था, जिसके बाद से वह जेल में बंद हैं.
गिरफ्तारी के बाद से ही अनंत सिंह जमानत के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं. उन्होंने पटना की एमपी-एमएलए कोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी. दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी.
शपथ से वंचित रह गए थे अनंत
बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान जेल में बंद रहने के कारण अनंत सिंह विधायक पद की शपथ नहीं ले सके थे. नवनिर्वाचित 242 विधायकों ने सदन में शपथ ग्रहण कर ली थी, लेकिन अदालत से अनुमति न मिलने के कारण उनका शपथ ग्रहण टल गया था. अब पटना सिविल कोर्ट के ताज़ा आदेश के बाद उनके शपथ लेने का रास्ता साफ हो गया है.


