खगड़िया में ‘पकड़ौआ विवाह’ का सनसनीखेज आरोप: गाय दिखाने के बहाने बुलाया, पिस्टल के दम पर जबरन शादी! वीडियो वायरल

खगड़िया।बिहार के खगड़िया जिले से पकड़ौआ विवाह का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। परबत्ता थाना क्षेत्र के डुमरिया खुर्द गांव निवासी 28 वर्षीय मन्नयम कुमार ने आरोप लगाया है कि उसे धोखे से बुलाकर अगवा किया गया और हथियार के बल पर जबरन शादी करा दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।


गाय दिखाने के बहाने फंसाया, फिर रची साजिश

पीड़ित युवक के मुताबिक, गांव के ही एक व्यक्ति ने उसे गाय दिखाने/खरीदने के बहाने बुलाया। इसके बाद उसे अलग-अलग गांवों में घुमाया गया और अंत में सिराजपुर ले जाया गया।
वहां मोबाइल चार्ज कराने के बहाने उसका फोन ले लिया गया। जब उसने घर लौटने की जिद की तो 3–4 लोगों ने उसे घेर लिया।

मन्नयम का आरोप है कि उसे पिस्टल दिखाकर शादी के लिए मजबूर किया गया, विरोध करने पर बेरहमी से पिटाई की गई और रात करीब 11 बजे जबरन विवाह करा दिया गया।


वायरल वीडियो ने बढ़ाया विवाद

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवक हाफ पैंट में, बिना दूल्हे की पारंपरिक वेशभूषा के नजर आ रहा है। वह शादी की रस्मों का विरोध करता दिखता है, जबकि आसपास मौजूद महिलाएं पारंपरिक शादी गीत गाती नजर आती हैं। इस वीडियो ने मामले को और गंभीर बना दिया है।


पुलिस ने छुड़ाया, केस दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही युवक के परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने युवक को लड़की के घर से सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके बाद मन्नयम कुमार ने परबत्ता थाने में नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने वायरल वीडियो को सबूत मानते हुए जांच शुरू कर दी है।


लड़की पक्ष का दावा – “सब कुछ सहमति से”

दूसरी ओर, कुंदन कुमारी ने युवक के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि यह पकड़ौआ विवाह नहीं, बल्कि आपसी रजामंदी से हुआ शादी है।
लड़की का दावा है कि दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे, फोन पर बात होती थी और युवक उनके घर आता-जाता था।


जांच के बाद खुलेगा सच

यह मामला बिहार में पकड़ौआ विवाह की गंभीर समस्या को फिर से उजागर करता है। अब पुलिस की जांच और उपलब्ध सबूतों के आधार पर ही यह स्पष्ट होगा कि यह जबरन शादी थी या दोनों की सहमति से हुआ विवाह।

  • Related Posts

    बिहार में वैलेंटाइन डे पर ‘लठमार’ तैयारी: नारा गूंजा- ‘जहां मिलेंगे बाबू-सोना, तोड़ देंगे कोना-कोना’; RJD ने किया समर्थन, तो हिंदू संगठनों का अल्टीमेटम

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    भागलपुर में बच्चों के ‘दिल’ की सुरक्षा: 22 फरवरी को लगेगा फ्री हार्ट चेकअप कैंप; मेदांता में मुफ्त होगी सर्जरी, हेल्पलाइन नंबर जारी

    Share Add as a preferred…

    Continue reading