
गया में ड्रग्स डिपार्टमेंट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली और नशीली दवाइयों के एक बड़े रैकेट का खुलासा किया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के न्यू एरिया पीपरपांती मुहल्ले में चतरा के पूर्व सांसद दिवंगत रंजीत सिंह के आवास पर छापेमारी के दौरान लाखों रुपए मूल्य की दवाइयां, कफ सिरप, नींद की गोलियां, रैपर, ढक्कन और मशीनें बरामद की गईं।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस भवन में यह अवैध कारोबार चल रहा था, उसके ग्राउंड फ्लोर पर बिहार सरकार के पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग का कार्यालय संचालित होता है, जबकि ऊपर के कमरे से नकली और नशीली दवाइयों की सप्लाई की जा रही थी। गुप्त सूचना मिलने के बाद औषधि विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया।
कार्रवाई में पुलिस ने विकास कुमार और उसकी पत्नी को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ जारी है। सूत्रों के मुताबिक बरामद दवाइयों की कीमत करीब 50 लाख रुपए आंकी जा रही है और इस नेटवर्क का संबंध कई राज्यों से जुड़ा हो सकता है।
विजय कुमार ने कहा, “गुप्त सूचना के आधार पर टीम बनाकर छापेमारी की गई, जिसमें बड़े पैमाने पर नींद की दवाइयां और कफ सिरप बरामद हुए हैं। दवाइयां असली हैं या नकली, इसकी जांच की जा रही है। पूरे रैकेट को खंगाला जा रहा है।”


