
भागलपुर, 23 अक्टूबर 2025।सुल्तानगंज प्रखंड के खानपुर पंचायत में निर्माणाधीन हाई स्कूल भवन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। जमीन मालिक ने संवेदक पर उसकी निजी जमीन पर अवैध कब्जा कर भवन निर्माण कराने का आरोप लगाया है।
जमीन मालिक रितेश कुमार ने बताया कि उनकी माता बबिता देवी के नाम से एक एकड़ जमीन दर्ज है। आरोप है कि उसी जमीन पर संवेदक आयुष कुमार द्वारा जबरन भवन निर्माण कराया जा रहा है। रितेश कुमार के अनुसार, जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उन्हें धमकाया गया और आंचल अधिकारी का नाम लेकर भय दिखाया गया।
सूचना मिलने पर बाथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पुलिस की मौजूदगी में जमीन की नापी कराई गई और आगे के निर्माण कार्य को नियमानुसार कराने की बात कही गई।
घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि विवाद के समाधान के लिए प्रशासन को निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसे विवाद न हों।


