कैमूर: जिले के दुर्गावती प्रखंड समेत पूरे कैमूर जिले में रविवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। कुहासे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर वाहनों की रफ्तार थम गई और गाड़ियां रेंगती नजर आईं। इसी दौरान मोहनिया थाना क्षेत्र में कोहरे की वजह से अलग-अलग स्थानों पर सड़क दुर्घटनाएं हुईं।
पटना मोड़ के पास कार-ट्रक की टक्कर
मोहनिया थाना क्षेत्र के पटना मोड़ के समीप घने कोहरे के कारण पीछे से आ रही एक कार ने आगे चल रहे ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। राहत की बात यह रही कि कार के एयरबैग खुल जाने से कार सवार बाल-बाल बच गए। बताया जा रहा है कि कार सवार उत्तर प्रदेश से बिहार की ओर आ रहे थे।
पिकअप वाहन डिवाइडर से टकराया
इसी इलाके में एक अन्य पिकअप वाहन घने कुहासे के कारण अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। इस हादसे में भी किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर एनएचआई की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया।
कोहरे से चालकों को भारी परेशानी
घने कोहरे के कारण यात्रियों और चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सवारी बस चालक मुंशी सिंह ने बताया कि इस मौसम का यह पहला घना कोहरा है।
उन्होंने कहा,
“हम रोज NH-19 पर बस चलाते हैं, लेकिन आज घने कोहरे में गाड़ी चलाना बेहद मुश्किल हो गया। सर्दी के दिनों में चालकों की परेशानियां कई गुना बढ़ जाती हैं।”
एक दिन पहले तीन ट्रकों की टक्कर
इससे एक दिन पहले शनिवार को भी मोहनिया थाना क्षेत्र में दिल्ली–कोलकाता हाईवे पर शारदा प्रसाद हाई स्कूल के पास तीन ट्रकों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई थी। हादसे में दो ट्रक चालक केबिन में फंस गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो चालक घायल, हायर सेंटर रेफर
घायल चालकों की पहचान गया निवासी शत्रुघ्न सिंह (40) और कानपुर निवासी अनिल तिवारी (52) के रूप में हुई है। मोहनिया पुलिस ने करीब 20–25 मिनट की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकालकर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें वाराणसी के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा
मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि
“आगे चल रहे एक ट्रक का टायर फट गया था, जिसके कारण चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। पीछे से आ रहे दो अन्य ट्रक अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गए।”
पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।


