
दलहन-तेलहन को बढ़ावा देने, MSP दायरा बढ़ाने और केंद्रीय योजनाओं में अतिरिक्त सहायता की मांग
पटना/नई दिल्ली:. बिहार में कृषि क्षेत्र को मजबूती देने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने केंद्र से विशेष कृषि पैकेज की मांग को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में बिहार के कृषि मंत्री ने नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री से मुलाकात कर राज्य की प्रमुख कृषि जरूरतों को विस्तार से रखा।
नई दिल्ली में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में कृषि मंत्री ने बिहार के कृषि विकास के लिए विशेष केंद्रीय सहायता की मांग करते हुए एक विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा। उन्होंने कहा कि राज्य में कृषि की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन संसाधनों और योजनाओं के प्रभावी विस्तार के लिए केंद्र का अतिरिक्त सहयोग जरूरी है।
एमएसपी दायरे में फसलों को शामिल करने की मांग
कृषि मंत्री ने बिहार में न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर मसूर की खरीद की अनुमति दिए जाने पर केंद्र सरकार का आभार जताया। इसके साथ ही उन्होंने चना, सरसों और अन्य तेलहन फसलों को भी MSP के दायरे में लाकर उनकी सरकारी खरीद शुरू करने का अनुरोध किया।
उनका कहना है कि इससे किसानों को बेहतर मूल्य मिलेगा और दलहन-तेलहन उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
दलहन-तेलहन उत्पादन के लिए प्राथमिक राज्य बनाने की पहल
राम कृपाल यादव ने केंद्र सरकार से बिहार को दलहन और तेलहन उत्पादन के लिए प्राथमिकता वाले राज्यों में शामिल करने की मांग की। साथ ही राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना और दलहन आत्मनिर्भरता मिशन के तहत अतिरिक्त सहायता देने की बात रखी।
केंद्र का आश्वासन—मिलेगा सहयोग
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भरोसा दिलाया कि बिहार में कृषि विकास के लिए केंद्र सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने राज्य को विशेष कृषि विकास पैकेज देने का आश्वासन भी दिया।
47 लाख किसानों का बना फार्मर आईडी
राज्य में कृषि सुधारों के तहत 47 लाख से अधिक किसानों का फार्मर आईडी तैयार किया जा चुका है। यह प्रक्रिया मिशन मोड में चल रही है, जिसमें विभिन्न विभाग मिलकर गांव-गांव कैंप आयोजित कर रहे हैं।
उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता
राज्य में उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर सरकार ने भरोसा जताया है कि किसानों को किसी तरह की कमी नहीं होगी। यूरिया, डीएपी, एनपीके, एमओपी और एसएसपी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और जरूरत के अनुसार आपूर्ति जारी रहेगी।


