भागलपुर में एमडीएम खाने के बाद 15 बच्चे असहज, डीएम ने किया अस्पताल का निरीक्षण

सभी बच्चे स्वस्थ, अधिकांश को मिली छुट्टी; डीएम बोले—फूड प्वाइजनिंग का मामला नहीं

भागलपुर, 02 अप्रैल 2026: भागलपुर जिले के जगदीशपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय गंगोता मैदान में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) खाने के बाद कुछ बच्चों के असहज होने की सूचना से प्रशासन में हलचल मच गई। जानकारी के अनुसार, कुल 15 बच्चों को एहतियातन सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी स्वयं सदर अस्पताल पहुंचे और बच्चों का हाल-चाल जाना। उनके साथ पहले से ही अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) और जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार शर्मा भी अस्पताल में मौजूद थे और स्थिति पर नजर बनाए हुए थे।

प्रशासन के अनुसार, बुधवार को पहली बार एक एनजीओ के माध्यम से जिले के 157 विद्यालयों में मध्याह्न भोजन की आपूर्ति की गई थी। इनमें से केवल इसी विद्यालय में बच्चों के असहज होने की बात सामने आई। बताया गया कि विद्यालय में कुल 125 बच्चों ने भोजन किया था, लेकिन उनमें से केवल 15 बच्चों ने हल्की परेशानी की शिकायत की।

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, किसी भी बच्चे में उल्टी या पेट दर्द जैसे गंभीर लक्षण नहीं पाए गए। सभी बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। केवल एक बच्ची ने सिर दर्द की शिकायत की, जिसे एहतियातन अस्पताल में निगरानी में रखा गया है।

मीडिया से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी डॉ. चौधरी ने स्पष्ट किया कि प्रथम दृष्टया यह मामला फूड प्वाइजनिंग का नहीं लगता है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर फूड प्वाइजनिंग में उल्टी और पेट दर्द जैसे लक्षण दिखाई देते हैं, जबकि यहां ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है।

हालांकि, प्रशासन इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच के लिए एक टीम गठित की जाएगी, जिसमें जिला शिक्षा पदाधिकारी, डीपीओ (एमडीएम) और अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) शामिल होंगे। यह टीम पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपेगी।

प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, सभी बच्चे सुरक्षित हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

  • ये भी पढ़े..

    अमृत भारत स्टेशन योजना को मिली नई रफ्तार, 75 आधुनिक रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन; बिहार के शिवनारायणपुर स्टेशन को भी मिला नया स्वरूप

    Share Add as a preferred…

    लालू प्रसाद यादव की अचानक बिगड़ी तबीयत, IGIMS में कराया गया भर्ती; दो घंटे निगरानी के बाद मिली छुट्टी

    Share Add as a preferred…