रिसेप्शन पार्टी में तमंचे पर डांस, महिला से भी कराई फायरिंग; भोजपुर में हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल

आरा (भोजपुर)।भोजपुर जिले में एक शादी समारोह के रिसेप्शन पार्टी के दौरान खुलेआम तमंचे पर डांस और हर्ष फायरिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद टाउन थाना पुलिस हरकत में आई और एक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि फायरिंग में इस्तेमाल हथियार अब तक बरामद नहीं हो सका है।


वायरल वीडियो में खुलेआम पिस्टल लहराते दिखे युवक

सोशल मीडिया पर वायरल तीन अलग-अलग वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ युवक स्टेज पर चढ़कर भोजपुरी गानों की धुन पर पिस्टल लहरा रहे हैं। वीडियो में “तोर मजनुआ रंगदार के थाना दिवाना बा…” गीत बजता सुनाई देता है। इसी दौरान एक युवक खुलेआम हर्ष फायरिंग करता नजर आता है।

एक अन्य वीडियो में तो हालात और भी खतरनाक दिखते हैं, जहां डांस कर रही एक महिला के हाथ में पिस्टल थमा दी जाती है और वहीं से फायर कराया जाता है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बन गया।


एक आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश में छापेमारी

पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की और बिंद टोली मोहल्ला निवासी 19 वर्षीय दीपांशु कुमार उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी एएसआई जावेद आलम के बयान पर दर्ज प्राथमिकी के आधार पर की गई।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि फायरिंग उसके एक साथी की देसी पिस्टल से की गई थी। इसी आधार पर पुलिस अब अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।


एसपी का सख्त संदेश

भोजपुर के पुलिस अधीक्षक राज ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में हथियार लहराना और हर्ष फायरिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि वीडियो में दिख रहे सभी युवकों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।


कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर बिहार में सामाजिक आयोजनों के दौरान हथियारों के खुले प्रदर्शन और हर्ष फायरिंग की बढ़ती प्रवृत्ति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि हथियार की बरामदगी और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान जारी है।


 

  • Related Posts

    पप्पू यादव जेल गए: 31 साल पुराने केस में स्ट्रेचर पर कोर्ट पहुंचे सांसद; हाथ में ड्रिप, इजलास में ही किए साइन, अब सोमवार को होगी सुनवाई

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    सूरजकुंड मेले में मौत का ‘झूला’: सुनामी राइड टूटी, इंस्पेक्टर की जान गई; महिला SI समेत 13 घायल, बचाने दौड़े थे और खुद शिकार हो गए

    Share Add as a preferred…

    Continue reading