
बिहार के नवादा जिले के नवीन नगर मोहल्ले में एक घर में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। इस हादसे में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। जानकारी के अनुसार, यह घटना अरविंद कुमार सिंह के घर में हुई, जहां गैस सिलेंडर में लीकेज के कारण आग भड़क उठी।
बताया जा रहा है कि घर में रखे सिलेंडर से गैस का रिसाव हो रहा था, जिसके चलते अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही घर के सदस्य घबरा गए, वहीं आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान लोगों में सिलेंडर फटने का डर भी बना रहा, लेकिन समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घनी आबादी वाले इलाके में हुई इस घटना से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। आग में घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
फिलहाल, आग लगने के सटीक कारणों और सिलेंडर में लीकेज की वजह की जांच की जा रही है।


