पटना में अपराधियों के हौसले बुलंद, JDU की महिला नेता को सरेआम मारी गोली; कहां है सुशासन की पुलिस?

पटना | 21 अप्रैल 2025: बिहार की राजधानी पटना एक बार फिर अपराध की वारदात से दहल उठी है। सत्ताधारी जनता दल यूनाइटेड (JDU) की महिला नेता और वार्ड संख्या 22 की अध्यक्ष सोनी निषाद को रविवार रात बाइक सवार अपराधियों ने सरेआम गोली मार दी। यह सनसनीखेज घटना बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के दुजरा मोहल्ले की है।

दो गोलियां लगीं, पीएमसीएच में चल रहा इलाज

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पर सवार बदमाशों ने सोनी निषाद पर फायरिंग की, जिसमें उन्हें हाथ और सीने में दो गोलियां लगी हैं। घायलावस्था में उन्हें पटना मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल (PMCH) में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई है।

आपसी विवाद बना वजह?

बुद्धा कॉलोनी थाना प्रभारी सदानंद शाह ने जानकारी दी कि प्रथम दृष्टया यह मामला आपसी विवाद का प्रतीत होता है। बताया जा रहा है कि सोनी निषाद का एक युवक के साथ पुराना विवाद चल रहा था, जिसके चलते यह हमला किया गया। पुलिस आरोपी की पहचान कर चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज़ कर दी गई है।

राजधानी में बढ़ते अपराध पर सवाल

यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब राज्य सरकार द्वारा “सुशासन” के दावे किए जा रहे हैं। राजधानी पटना में सत्ताधारी दल की नेता पर हमला, न केवल प्रशासन की लचर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हो चुके हैं।

राजनीतिक हलकों में गूंज

इस हमले के बाद राजनीतिक गलियारों में भी हलचल बढ़ गई है। विपक्षी दलों ने सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर कड़े सवाल उठाए हैं और मुख्यमंत्री से जवाबदेही तय करने की मांग की है।

बुद्धा कॉलोनी पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं घायल सोनी निषाद के स्वास्थ्य को लेकर JDU के नेता और कार्यकर्ता लगातार अस्पताल में मौजूद हैं।

  • Related Posts

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *