फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर 44 लाख की ठगी, गुरुग्राम से पति-पत्नी गिरफ्तार

पटना। बिहार में फ्रेंचाइजी और निवेश के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस ने हरियाणा के गुरुग्राम से एक पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने मिलकर लोगों को झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी की और लंबे समय से फरार चल रहे थे।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल कालरा और उसकी पत्नी रुचिका कालरा के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पहले से गैर-जमानती वारंट जारी था। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने उन्हें गुरुग्राम से पकड़ा और ट्रांजिट रिमांड पर पटना लाया गया, जहां मंगलवार को अदालत में पेश किया गया।

मामला 31 दिसंबर को गांधी मैदान थाना में दर्ज हुआ था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसे एक नामी कंपनी की फ्रेंचाइजी दिलाने का झांसा दिया गया। इसके बदले आरोपियों ने अलग-अलग किस्तों में करीब 44 लाख रुपये वसूल लिए, लेकिन न तो फ्रेंचाइजी दिलाई गई और न ही पैसे लौटाए गए।

जांच में सामने आया है कि आरोपियों का ठगी करने का तरीका एक जैसा था। वे पहले लोगों को बड़े मुनाफे और भरोसेमंद बिजनेस का लालच देते थे, फिर फ्रेंचाइजी के नाम पर मोटी रकम ऐंठ लेते थे। जब पीड़ित पैसे वापस मांगते, तो उन्हें टालमटोल या धमकियां दी जाती थीं।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इसी तरह के कई और मामले गांधी मैदान, पाटलिपुत्र और श्रीकृष्णा पुरी थाना क्षेत्रों में भी दर्ज हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह एक संगठित ठगी का नेटवर्क हो सकता है, जो अलग-अलग लोगों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की ठगी कर चुका है।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के निवेश या फ्रेंचाइजी ऑफर में पैसा लगाने से पहले पूरी तरह जांच-पड़ताल जरूर करें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।

  • Related Posts

    बिहार के स्कूलों में ‘वंदे मातरम्’ से होगी दिन की शुरुआत, सरकार ने जारी किए नए दिशा-निर्देश

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    PHED मंत्री संजय सिंह पर राजद का हमला तेज, कैलेंडर विवाद से लेकर शराब तस्करी कनेक्शन तक उठे सवाल

    Share Add as a preferred…

    Continue reading