‘पंडिताइन के लव स्टोरी’ फिल्म पर विवाद, गोरखपुर में केस दर्ज

उत्तर प्रदेश में ‘पंडिताइन के लव स्टोरी’ फिल्म को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में समाजवादी पार्टी की नेत्री काजल निषाद के पति संजय निषाद समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

यह मामला गोरखपुर के कैंट थाने में दर्ज किया गया है। गोला बाजार क्षेत्र के निवासी हर्ष मिश्रा की शिकायत पर दर्ज इस केस में आरोप लगाया गया है कि फिल्म के जरिए ब्राह्मण समाज की भावनाओं को आहत करने और सामाजिक वैमनस्य फैलाने की कोशिश की गई है।

एफआईआर में संजय निषाद के अलावा अभिनेता सोमलाल यादव, रविंद्र निषाद और राम सज्जन निषाद को भी आरोपी बनाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि फिल्म के नाम और विषयवस्तु से ब्राह्मण समाज की छवि खराब हो सकती है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो समाज आंदोलन करेगा।

वहीं, संजय निषाद ने सफाई देते हुए कहा कि उनका इस फिल्म से कोई सीधा संबंध नहीं है। उनका कहना है कि 2018 के बाद उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री छोड़ दी थी, हालांकि फिल्म के निर्माता उनके परिचित हैं और उनके आग्रह पर वह प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए थे।

गौरतलब है कि इससे पहले ‘घूसखोर पंडित’ फिल्म को लेकर भी देशभर में विरोध प्रदर्शन हो चुका है। लखनऊ में भी इस संबंध में केस दर्ज किया गया था।

शिकायतकर्ता हर्ष मिश्रा ने अपने प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि कुछ लोग ब्राह्मण समाज के नाम का गलत इस्तेमाल कर फिल्म बना रहे हैं, जिससे समुदाय की भावनाएं आहत हो रही हैं। उनका कहना है कि 16 अप्रैल 2026 को गोरखपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर फिल्म के नाम का अनावरण किया गया था।

इस मामले पर एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

  • ये भी पढ़े..

    ट्रेन में वेटिंग टिकट वालों के लिए बड़ी खुशखबरी! चलती ट्रेन में मिलेगी खाली सीट की ऑनलाइन बुकिंग, रेलवे ला रहा नई व्यवस्था

    Share Add as a preferred…

    बिहार पुलिस में बड़ा बदलाव: थानेदारों की बनेगी पूरी प्रोफाइल, मुख्यालय करेगा सीधी निगरानी, बड़े पैमाने पर तबादलों की तैयारी

    Share Add as a preferred…