प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी करने वालों को स्टडी किट, स्वरोजगार के इच्छुक युवाओं को मिला टूलकिट
पटना, 17 सितंबर।राज्य सरकार ने दिव्यांग युवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक और सराहनीय कदम उठाया है। श्रम संसाधन विभाग के अंतर्गत अवर प्रादेशिक नियोजनालय की ओर से मंगलवार को निःशुल्क स्टडी किट और टूलकिट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रम संसाधन विभाग के सचिव दीपक आनंद ने खुद दिव्यांग अभ्यर्थियों को किट उपलब्ध कराई और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रतियोगिता परीक्षाओं के लिए स्टडी किट
इस अवसर पर विभाग की ओर से ऐसे आठ दिव्यांग अभ्यर्थियों को स्टडी किट दी गई, जो विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं और आर्थिक रूप से कमजोर हैं। इन किटों में प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण पुस्तकें शामिल की गई हैं। सचिव दीपक आनंद ने युवाओं को संदेश दिया कि इस सुविधा का उपयोग कर वे सफलता हासिल कर अपने जीवन का लक्ष्य पूरा करें।
स्वरोजगार के लिए टूलकिट
वहीं, बेरोजगार और स्वरोजगार के इच्छुक दिव्यांग युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभाग की ओर से निःशुल्क टूलकिट उपलब्ध कराई गई। इस कार्यक्रम में विशेष नियोजनालय द्वारा 10 दिव्यांग अभ्यर्थियों को और अवर प्रादेशिक नियोजनालय द्वारा 31 दिव्यांग अभ्यर्थियों को टूलकिट दी गई। इन टूलकिट्स से दिव्यांग युवा छोटे-छोटे कारोबार शुरू कर सकते हैं और स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं।
निरंतर चलाया जाएगा कार्यक्रम
विशेष नियोजनालय की सहायक निदेशक प्रियंका वर्मा ने बताया कि यह कार्यक्रम अब लगातार आयोजित किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक दिव्यांग अभ्यर्थी इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नियोजनालय में निबंधन कर सरकार की इस पहल से जुड़ें और योजनाओं का लाभ उठाएं।
राज्य सरकार का यह प्रयास न सिर्फ दिव्यांग युवाओं को शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराता है, बल्कि उन्हें समाज की मुख्यधारा में जोड़ने की दिशा में भी एक अहम कदम साबित हो रहा है।


