भागलपुर/नवगछिया।नवगछिया प्रखंड के ढोलबज्जा पंचायत के सरपंच सुशांत कुमार समेत कई ग्रामीणों ने प्रखंड कार्यालय में हो रही लापरवाही को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सीओ और राजस्वकर्मी अक्सर दफ्तर से नदारद रहते हैं, जिससे उन्हें अपने काम कराने में भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।
सोमवार को ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) ऋतुराज प्रताप सिंह से मुलाकात की और इस बाबत हस्ताक्षरित आवेदन सौंपा। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि ग्रामीण कई किलोमीटर दूर से कार्यालय पहुंचते हैं, लेकिन न तो सीओ मौजूद रहते हैं और न ही राजस्वकर्मी। फोन करने पर भी कॉल रिसीव नहीं किया जाता।
इस आवेदन पर सरपंच सुशांत कुमार के अलावा संजय प्रसाद ठाकुर, संतोष राय, धर्म कुमार, जीवन कुमार, मुक्ति राय, गुड्डू कुमार राय, जवारी कुमार और बेनी शर्मा समेत कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।
ग्रामीणों ने एसडीओ से मांग की है कि संबंधित अधिकारियों को समय पर कार्यालय में उपस्थित रहने का निर्देश दिया जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक भटकना न पड़े और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान हो सके।


