
Bihar के मुख्यमंत्री बनने के बाद Samrat Chaudhary मंगलवार को दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi से शिष्टाचार मुलाकात की। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनकी प्रधानमंत्री से पहली मुलाकात थी, जिसे राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि प्रधानमंत्री से राज्य के समग्र विकास और जनकल्याण के मुद्दों पर मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री का स्नेह और सहयोग बिहार की प्रगति को नई दिशा देगा।
गौरतलब है कि बिहार में पहली बार भारतीय जनता पार्टी का कोई नेता मुख्यमंत्री बना है। सम्राट चौधरी ने 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ Vijay Kumar Chaudhary और Vijendra Prasad Yadav ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की चर्चा थी, हालांकि वे उस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके थे। ऐसे में शपथ के पांच दिन बाद हुई यह मुलाकात और भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा तेज है कि इस मुलाकात के दौरान कैबिनेट विस्तार को लेकर भी बातचीत हुई होगी। नई सरकार बनने के बाद अब सभी की नजर कैबिनेट विस्तार पर टिकी हुई है। माना जा रहा है कि जल्द ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपनी मंत्रिपरिषद का विस्तार करेंगे और मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा किया जाएगा।
इस मुलाकात को केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय की दिशा में एक सकारात्मक कदम के रूप में देखा जा रहा है। साथ ही यह संकेत भी माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति और प्रशासनिक फैसलों में तेजी देखने को मिल सकती है।


