
नई दिल्ली: NEET पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जारी आंदोलन के बीच केंद्र सरकार ने एक बार फिर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को बातचीत का न्योता दिया है। सरकार ने दावा किया है कि बुधवार से गुरुवार के बीच CJP प्रतिनिधिमंडल को चार बार औपचारिक रूप से वार्ता का प्रस्ताव भेजा गया, ताकि गतिरोध खत्म कर समाधान निकाला जा सके।
सरकार के इस कदम के बाद CJP ने भी बड़ा ऐलान करते हुए 24 जुलाई को पूरे देश में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अपील की है और आंदोलन को दिल्ली से निकालकर राष्ट्रीय स्तर पर ले जाने का आह्वान किया है।
CJP का आह्वान- हर शहर और गांव में हो प्रदर्शन
CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि अब आंदोलन को पूरे देश में फैलाने का समय आ गया है।
उन्होंने कहा, “24 जुलाई को हर शहर और हर गांव में शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित करें। आइए, इस आंदोलन को राष्ट्रीय जनआंदोलन बनाएं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को और मजबूत करें।”
जंतर-मंतर हिंसा की जांच अब क्राइम ब्रांच करेगी
इस बीच दिल्ली पुलिस ने 20 से 22 जुलाई के बीच जंतर-मंतर और आसपास हुए प्रदर्शन से जुड़े सभी 11 मामलों की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी है।
जारी आदेश के अनुसार, संसद मार्ग, कनॉट प्लेस, बाराखंबा रोड, मंदिर मार्ग और कर्तव्य पथ थानों में दर्ज मामलों की आगे की जांच अब अपराध शाखा करेगी।
निर्मला सीतारमण बोलीं- सरकार ने समय पर कार्रवाई की
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी इस मुद्दे पर सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि पेपर लीक की घटनाओं में सरकार ने समय रहते आवश्यक कदम उठाए।
उन्होंने कहा कि दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, समय पर दोबारा परीक्षा और बिना देरी परिणाम जारी कर छात्रों के शैक्षणिक भविष्य को सुरक्षित रखने का प्रयास किया गया।
निर्मला सीतारमण ने यह भी कहा कि कई छात्रों ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद दोबारा मेहनत की और बेहतर प्रदर्शन कर सफलता हासिल की।
वार्ता और आंदोलन साथ-साथ
एक ओर केंद्र सरकार लगातार बातचीत के जरिए समाधान निकालने की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर CJP अपने आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देने की तैयारी में है। ऐसे में अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या सरकार और आंदोलनकारी संगठन के बीच बातचीत से कोई सहमति बनती है या धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन और तेज होगा।


