हाजीपुर में फिल्मी अंदाज में वारदात, धुआं निकलने का बहाना बनाकर बदमाशों ने बैग किया पार; 50 से ज्यादा किन्नरों का हंगामा

बिहार के वैशाली जिले में अपराधियों ने बेहद शातिराना अंदाज में करोड़ों की लूट की वारदात को अंजाम दिया है। हाजीपुर शहर के सदर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने चलती कार के रेडिएटर के पास केमिकल फेंककर वाहन रोकवाया और सोने-चांदी के आभूषण व नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। पीड़िता के अनुसार लूटे गए सामान की कुल कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक है।

घटना हाजीपुर बाजार स्थित रेल कोच रेस्टोरेंट और पेट्रोल पंप के पास की बताई जा रही है। महुआ थाना क्षेत्र की रहने वाली किन्नर सपना कुमारी अपने ड्राइवर सौरभ कुमार के साथ कार से महुआ जा रही थीं। इसी दौरान एक व्यक्ति ने कार के रेडिएटर के पास केमिकल फेंक दिया। कुछ दूरी आगे बढ़ने पर दूसरे व्यक्ति ने गाड़ी रोकने का इशारा करते हुए कहा कि वाहन से धुआं निकल रहा है।

ड्राइवर ने जैसे ही गाड़ी रोकी और बोनट खोलकर जांच करने लगा, उसी दौरान बदमाश कार की बीच वाली सीट पर रखा बैग लेकर फरार हो गए। बैग में सोने-चांदी के आभूषण और 8 लाख 75 हजार रुपये नकद रखे हुए थे।

पीड़िता सपना कुमारी के अनुसार बैग में चार सोने की चेन, तीन अंगूठियां, तीन जोड़ी झुमके, एक लॉकेट, एक सोने का बिस्किट, आठ कंगन, करीब 800 ग्राम चांदी की पायल समेत अन्य कीमती सामान मौजूद था।

घटना की जानकारी मिलते ही 50 से अधिक किन्नर मौके पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा। पुलिस अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया।

सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा कर लिया जाएगा।

  • ये भी पढ़े..

    भागलपुर में बड़ी कार्रवाई: सनोखर थाना पुलिस ने 133.125 लीटर विदेशी शराब के साथ तीन तस्करों को किया गिरफ्तार

    Share Add as a preferred…

    बिहार की तीन पारंपरिक कलाओं को मिला GI टैग, सांस्कृतिक विरासत को मिली वैश्विक पहचान

    Share Add as a preferred…