
पटना, 4 जुलाई 2025: केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने गुरुवार को विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बिहार विधानसभा चुनावों में अपनी “निश्चित हार” के लिए वह पहले से ही बहाने ढूंढने में जुट गया है।
राजभवन के बाहर मीडिया से बात करते हुए चिराग पासवान ने कहा,
“इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (INDIA) जानता है कि वह बिहार में एनडीए के सामने टिक नहीं सकता। इसलिए उसने नवंबर में होने वाली हार के लिए अभी से निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठाना शुरू कर दिया है।”
पासवान से यह प्रतिक्रिया उस वक्त मांगी गई जब उनसे आरजेडी, कांग्रेस और वामपंथी दलों द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध पर सवाल किया गया। उन्होंने कहा कि राजद मतदाताओं को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।
“मैं आरजेडी के झांसे को बेनकाब करना चाहता हूं। 2020 में उन्होंने जिन सीटों पर जीत का दावा किया था, वहां अधिकतर पर हमने अपने उम्मीदवार उतारे थे। इस बार हालात बिल्कुल अलग हैं। अब विपक्ष के पास कोई मौका नहीं है।”
चिराग पासवान ने यह भी याद दिलाया कि 2020 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू के खिलाफ बगावत कर कई सीटों पर नुकसान पहुँचाया था। वर्तमान में वे हाजीपुर से लोकसभा सांसद हैं।
इस दौरान उन्होंने यह भी बताया कि 5 जुलाई को उनके पिता रामविलास पासवान की जयंती पर हाजीपुर में एक भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा।
“मैं अपने आदर्श पिता की जयंती उनकी कर्मभूमि हाजीपुर में मनाऊंगा। इसके बाद पटना में भी एक कार्यक्रम होगा, जिसके लिए राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को आमंत्रित करने मैं स्वयं आया हूं।”


