
भागलपुर में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत बाल विवाह के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक जागरूकता रथ रवाना किया गया। यह रथ चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय से निकाला गया, जिसे जिला बाल संरक्षण इकाई की सहायक निदेशक बेबी रानी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जागरूकता रथ के माध्यम से लोगों को बाल विवाह से जुड़े कानून, इसके सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणाम, तथा कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज को इस कुप्रथा के प्रति संवेदनशील बनाना और इसकी रोकथाम में जनभागीदारी को मजबूत करना है।
कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह के विरोध में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर अपनी सहमति दर्ज करा रहे हैं। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे बाल विवाह रोकने में सक्रिय भूमिका निभाएं और किसी भी संदिग्ध मामले की सूचना तुरंत संबंधित विभाग या चाइल्ड हेल्पलाइन को दें।
यह अभियान जिले में बाल अधिकारों की रक्षा और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


