
मुख्यमंत्री ने कहा – अगले 5 सालों में 1 करोड़ युवाओं को मिलेगा रोजगार, पेंशन राशि बढ़ाकर 1100 रुपये की गई, हर घर तक पहुंचेगी मुफ्त बिजली
पटना, 07 सितम्बर 2025 : मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार आज भोजपुर जिला के जगदीशपुर स्थित स्वास्थ साहू उच्च विद्यालय में आयोजित कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार के विकास का श्रेय एनडीए सरकार की नीतियों और योजनाओं को जाता है। उन्होंने कहा कि “पहली सरकारों ने कोई काम नहीं किया। कांग्रेस और राजद की सरकारों के दौरान बिहार पिछड़ गया। जब वे गड़बड़ करने लगे तो हम अलग हो गए। भाजपा और जदयू का पुराना संबंध है और हम साथ मिलकर बिहार और देश के विकास के लिए काम कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि 2005 से बिहार में कानून का राज कायम हुआ और शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पुल-पुलिया समेत सभी क्षेत्रों में विकास हुआ।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को रोजगार देने के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि –
- 2020 में तय 10 लाख सरकारी नौकरी और 10 लाख रोजगार पहले ही पूरे हो चुके हैं।
- अब तक 10 लाख नौकरी और 39 लाख रोजगार युवाओं को दिए जा चुके हैं।
- चुनाव से पहले 50 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिलेगा।
- अगले 5 वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी/रोजगार देने का लक्ष्य तय किया गया है।
उन्होंने राज्य के बढ़ते बजट का जिक्र करते हुए कहा कि 2005-06 में राज्य का बजट 28 हजार करोड़ रुपये था, जो अब 3 लाख 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।
सरकार की हालिया उपलब्धियां
- पेंशन राशि को 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये प्रति माह कर दिया गया है।
- सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जा रही है।
- इच्छुक परिवारों के घरों पर सोलर प्लांट लगाए जाएंगे।
- महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना शुरू की गई है, जिसके तहत हर घर की एक महिला को 10 हजार रुपये की आर्थिक मदद मिलेगी।
- अच्छे व्यवसाय पर महिलाओं को 2 लाख रुपये तक अतिरिक्त सहायता भी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार का भी बिहार के विकास में पूरा सहयोग मिल रहा है। उन्होंने विशेष आर्थिक पैकेज, मखाना बोर्ड, एयरपोर्ट, पश्चिमी कोसी नहर परियोजना और हाल ही में बिहार में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया।
भोजपुर में किए गए विकास कार्य
- इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक, महिला आईटीआई और सभी अनुमंडलों में आईटीआई की स्थापना।
- आरा में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निर्माण।
- गंगा नदी पर वीर कुंवर सिंह सेतु और सोन नदी पर 6 लेन कोईलवर पुल का निर्माण।
- बाबू वीर कुंवर सिंह की जन्मस्थली जगदीशपुर में पर्यटन सुविधाओं का विकास।
- सिंचाई योजनाओं, चेकडैम निर्माण और सड़कों के चौड़ीकरण में तेजी।
- 291 ग्रामीण सड़कें और 2 पुल, साथ ही कई विद्युत उपकेंद्र और कृषि फीडर का निर्माण।
मुख्यमंत्री ने कहा – “हमने सभी तबकों का विकास किया है, चाहे हिंदू-मुस्लिम हों या पिछड़े-दलित। मुस्लिम समुदाय के लिए मदरसों को मान्यता और शिक्षकों को सरकारी वेतन दिया गया। हिंदू मंदिरों और कब्रिस्तानों की घेराबंदी कर विवाद खत्म किया गया।”
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर बिहार सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुँचाएँ और आगामी चुनावों में सक्रिय रहें।
कार्यक्रम में उपस्थित:
उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, पूर्व मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह, विधायक विशाल प्रशांत, विधान पार्षद भगवान सिंह कुशवाहा, राधाचरण साह सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।


