मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम साईंस सिटी का किया निरीक्षण, अधिकारियों को तेजी से कार्य पूरा करने का निर्देश

पटना, 23 अगस्त 2025: मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने पटना के राजेन्द्र नगर स्थित 21 एकड़ भूमि पर निर्माणाधीन डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम साईंस सिटी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और विभिन्न हिस्सों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह साईंस सिटी विज्ञान के प्रचार-प्रसार का विश्वस्तरीय केन्द्र बनेगा। यहां छात्रों को विज्ञान की मूलभूत अवधारणाओं, गतिविधियों और सिद्धांतों को सरलता से समझने में मदद मिलेगी, जिससे उनकी विज्ञान में रुचि बढ़ेगी। उन्होंने अधिकारियों को आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने जानकारी दी कि पांच बड़े हॉल बनाए गए हैं, जिनमें पाँच प्रमुख गैलरी होंगी—

  • बी ए साइंटिस्ट गैलरी (वैज्ञानिक बने दीर्घा)
  • सस्टेनेबल प्लैनेट गैलरी (सतत ग्रह दीर्घा)
  • बेसिक साइंस गैलरी (मूल विज्ञान दीर्घा)
  • बॉडी एंड माइंड गैलरी (शरीर और मस्तिष्क दीर्घा)
  • एस्ट्रोनॉमी एंड स्पेस गैलरी (खगोल विज्ञान एवं अंतरिक्ष दीर्घा)

पहले चरण में 75 करोड़ रुपये की लागत से 47 विज्ञान प्रदर्श (एक्सहिबिशन) स्थापित किए जा रहे हैं। परियोजना की कुल स्वीकृति 889 करोड़ रुपये की है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस साईंस सिटी की परिकल्पना के समय ही महान वैज्ञानिक डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम से परामर्श लिया गया था। उनके सम्मान में इसका नाम उनके नाम पर रखा गया है। परियोजना का शिलान्यास 1 मार्च 2018 को मुख्यमंत्री द्वारा किया गया था।

साईंस सिटी में 500 क्षमता वाला अत्याधुनिक प्रेक्षागृह, 150 शैय्या वाला छात्रावास (डॉरमेट्री), मुक्त आकाश रंगमंच, कैफेटेरिया, वाहन पार्किंग और 150 किलोवाट सोलर पैनल जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, डॉ. एस. सिद्धार्थ, डॉ. प्रतिमा एस. वर्मा, अनुपम कुमार, डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, डॉ. त्यागराजन एस.एम. सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे।


 

  • Related Posts