पटना, 01 फरवरी।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केंद्रीय बजट 2026-27 को सकारात्मक और स्वागत योग्य बताते हुए कहा कि यह बजट विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखकर पेश किया गया है। उन्होंने कहा कि यह बजट न सिर्फ प्रगतिशील है, बल्कि भविष्य की जरूरतों को देखते हुए तैयार किया गया रोडमैप है, जो देश की विकास गति को नई रफ्तार देगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बजट के जरिए केंद्र सरकार ने देश के आर्थिक विकास को तेज करने के लिए कई अहम और दूरगामी फैसले किए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नेतृत्व की सराहना करते हुए इसे देश को आगे बढ़ाने वाला बजट बताया।
बिहार को होगा सीधा लाभ
नीतीश कुमार ने कहा कि बजट में घोषित 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर में वाराणसी–सिलीगुड़ी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बिहार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इससे राज्य के कई जिलों को सीधा लाभ मिलेगा और कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा।
इसके साथ ही देश में 20 नए राष्ट्रीय जलमार्ग विकसित करने की घोषणा भी बिहार के लिए फायदेमंद साबित होगी। पटना और वाराणसी में जहाज मरम्मत की सुविधाएं मिलने से जल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा और राज्य के उत्पादों के निर्यात में भी तेजी आएगी।
रोजगार और उद्योग को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में बड़े टेक्सटाइल पार्क, महात्मा गांधी ग्राम स्वरोजगार योजना और सेमीकंडक्टर सेक्टर के लिए 40 हजार करोड़ रुपये के समर्थन की घोषणा से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इससे बिहार सहित पूरे देश में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि पूर्वोदय राज्यों और उत्तर-पूर्व क्षेत्र पर विशेष फोकस से बिहार को औद्योगिक निवेश, आधारभूत ढांचे और रोजगार के क्षेत्र में सीधा फायदा होगा।
शहरी विकास और महिला शिक्षा पर जोर
नीतीश कुमार ने कहा कि शहरों के विकास से जुड़े बजटीय प्रावधानों से बिहार में शहरीकरण को नई दिशा मिलेगी। इससे शहरों में इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
साथ ही बजट में सभी जिलों में गर्ल्स हॉस्टल बनाने की घोषणा से उच्च शिक्षा में लड़कियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री का आभार
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट देश को आगे ले जाने वाला दस्तावेज है और इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का धन्यवाद किया।


