मालदा, 18 सितंबर 2025: पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (PCCM) डॉ. उदय शंकर झा ने आज मालदा मंडल के अंतर्गत आने वाले न्यू फरक्का स्टेशन का व्यापक निरीक्षण किया। उनके साथ सीनियर डीसीएम (मालदा) सुश्री अंजन, डीओएम (मालदा) श्री सचिन कुमार तथा अन्य वरीय रेल अधिकारी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान डॉ. झा ने स्टेशन पर उपलब्ध यात्रियों की सुविधाओं, वाणिज्यिक व्यवस्थाओं, टिकट जांच व्यवस्था और बुकिंग काउंटरों का जायजा लिया। उन्होंने रेलवे कर्मचारियों से बातचीत कर सेवाओं की गुणवत्ता को परखा।
इस अवसर पर उन्होंने फरक्का सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट (FSTP) के गुड्स साइडिंग का निरीक्षण किया और साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना (ABSS) के तहत न्यू फरक्का स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों की भी समीक्षा की। इस परियोजना का उद्देश्य स्टेशन के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाना, यात्रियों की सुविधा बढ़ाना और विश्वस्तरीय सेवाएं उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान डॉ. झा ने स्वच्छता, भीड़ प्रबंधन और वाणिज्यिक संचालन की दक्षता पर जोर दिया। उन्होंने मालदा मंडल की सक्रिय पहल की सराहना करते हुए अधिकारियों को यात्रियों को बेहतर सेवा प्रदान करने और यात्रा अनुभव को और सुगम बनाने के निर्देश दिए।


