सारण में स्पीड ब्रेकर को लेकर बवाल: थाने में घुसकर पुलिस पर हमला, थाना प्रभारी समेत कई घायल; 24 लोग हिरासत में

सारण | संवाददाता: बिहार के सारण जिले के मशरक थाना क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने थाना परिसर में घुसकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया, जिसमें थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को स्थिति संभालने के लिए अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा।

स्पीड ब्रेकर से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, मशरक थाना क्षेत्र के चांद बरवां गांव में सड़क पर बनाए गए स्पीड ब्रेकर को लेकर पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। ग्रामीणों का आरोप था कि स्पीड ब्रेकर अचानक बनाए जाने से कई लोग बाइक से गिरकर घायल हो चुके हैं। इसी शिकायत की जांच के लिए डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी।

बताया जा रहा है कि जांच के दौरान कुछ लोगों के साथ पुलिस टीम की कहासुनी हो गई। इसके बाद टीम वापस थाना पहुंची और पूरे मामले की जानकारी थाना प्रभारी को दी।

थाने में घुसकर किया हमला
इसी बीच कुछ असामाजिक तत्व मोटरसाइकिल और अन्य वाहनों से मशरक थाना परिसर पहुंच गए और पुलिस से उलझने लगे। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और आरोपियों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस दौरान थाना परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई।

हमले में थाना प्रभारी रंजीत पासवान, महिला पुलिसकर्मी स्मृति प्रियंका और प्रीति कुमारी सिंह के साथ-साथ चौकीदार रामराज कुमार और सुरेश राय भी घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने स्थिति पर पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही मशरक के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने हालात को काबू में करते हुए करीब 24 लोगों को हिरासत में ले लिया

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और थाना परिसर व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हमले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

प्रशासन का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

  • ये भी पढ़े..

    तकनीकी शिक्षा को नई उड़ान देने की तैयारी, बिहार में रिसर्च, इनोवेशन और रोजगार आधारित पढ़ाई पर जोर

    Share Add as a preferred…

    बिहार संग्रहालय बना राष्ट्रीय रोल मॉडल, देश के 9 बड़े संग्रहालयों के विकास में निभा रहा अहम योगदान

    Share Add as a preferred…