बिहार के कैमूर जिला में शराब पार्टी पर बवाल: पुलिस–ग्रामीणों में गोलीबारी, 13 गिरफ्तार

कैमूर जिले के कुदरा क्षेत्र में चल रही एक शराब पार्टी का अंत गोलीबारी और हिंसा में हुआ। जानकारी के अनुसार, करीब 15 दिन पहले गिरफ्तार एक व्यक्ति के बेल पर जेल से बाहर आने की खुशी में नर्तकियों का डांस और शराब पार्टी आयोजित की गई थी।

सूचना मिलने पर पुलिस जब मौके पर पहुंची तो हालात बिगड़ गए। आरोप है कि थानाध्यक्ष पर पथराव और फायरिंग की गई, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक व्यक्ति को गोली लगी है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। कई पुलिसकर्मी भी घायल बताए जा रहे हैं।


सुबह से सड़क जाम, सैकड़ों लोग प्रदर्शन पर

घटना के विरोध में कुदरा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 8 कझार घाट टोला के पास गुरुवार सुबह 6 बजे से ग्रामीणों ने बांस-बल्लियां लगाकर कुदरा-भभुआ मुख्य मार्ग जाम कर दिया। छह घंटे से अधिक समय तक चले जाम के कारण मालवाहक और यात्री वाहन फंसे रहे।

ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने घरों में घुसकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के साथ मारपीट की और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।


ग्रामीणों के आरोप, प्रशासन की सफाई

बुजुर्ग महिला तपेश्वरी कुंवर ने आरोप लगाया कि बेटे को बचाने की कोशिश में उन्हें भी पुलिस ने पीटा। वहीं एकता कुमारी नामक ग्रामीण ने दावा किया कि पुलिस ने उसके घर में घुसकर मारपीट की और फायरिंग की।

मौके पर पहुंचीं मोहनिया की एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी और डीएसपी प्रदीप कुमार ने लोगों से जाम हटाने की अपील की। एसडीएम ने कहा कि सड़क जाम समाधान नहीं है और लिखित शिकायत मिलने पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

डीएसपी प्रदीप कुमार के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि बेल पर छूटे व्यक्ति की खुशी में अवैध शराब पार्टी चल रही है। सत्यापन के दौरान पुलिस टीम पर पथराव और फायरिंग हुई, जिसके जवाब में पुलिस को भी कार्रवाई करनी पड़ी। गोली लगने की घटना की जांच की जा रही है।


28 नामजद, 50 अज्ञात पर केस

मामले में अब तक 28 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। 13 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गोली से घायल व्यक्ति का बयान भी दर्ज कर लिया गया है, जिसने बताया कि उसे पीछे से गोली लगी।

फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

  • Related Posts

    पटना: बुजुर्ग दंपति पर पड़ोसी का आतंक, जान से मारने की धमकी का मामला

    Share Add as a preferred…

    Continue reading