गोपालगंज में पशु तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 7 गिरफ्तार; कई वाहन और नकदी बरामद

गोपालगंज। जिले में पशु तस्करी और चोरी की घटनाओं पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गोपालगंज पुलिस ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय पशु तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस दौरान 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।

पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के निर्देश पर जिले में पशु तस्करी के खिलाफ अभियान तेज किया गया था। इसी क्रम में सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने माधवपुर, बरौली और मोहम्मदपुर थाना क्षेत्रों में एक साथ कई जगहों पर छापेमारी कर इस गिरोह को पकड़ने में सफलता हासिल की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलेट कुमार (23), इमरान शाह (26), हसमद्दीन अंसारी (22) और जावेद अली (25) समेत कुल सात लोगों के रूप में हुई है। ये सभी मुख्य रूप से सिवान जिले के विभिन्न इलाकों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई अहम जानकारियां दी हैं। खास तौर पर जावेद अली के बयान के आधार पर गिरोह के नेटवर्क और उसके संचालन के तरीके का खुलासा हुआ है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 30 हजार रुपये नकद, दो पिकअप वाहन, एक ऑल्टो कार, तीन मोटरसाइकिल, दो मोटर, चार मोबाइल फोन और एक गैस सिलेंडर बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से इलाके में सक्रिय था और संगठित तरीके से पशु तस्करी के साथ-साथ चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।

सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है और जिले में पशु तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से गिरोह की कमर टूट गई है और क्षेत्र में अपराधियों के बीच कड़ा संदेश गया है।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही गिरोह के बाकी सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस कार्रवाई को गोपालगंज पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में पशु तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद जताई जा रही है।

  • ये भी पढ़े..

    पीएम सूर्यघर योजना को गति देने की तैयारी, भागलपुर में कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों पर जल्द लगेंगे नि:शुल्क सोलर सिस्टम

    Share Add as a preferred…

    भागलपुर गौशाला की सुरक्षा व्यवस्था की हुई समीक्षा, आगलगी मामले की जांच के निर्देश, प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी

    Share Add as a preferred…