“प्रशासन हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकता?” पश्चिम चंपारण में नाबालिग लड़की के कथित अपहरण से उठा बड़ा सवाल

पश्चिम चंपारण के साठी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के कथित अपहरण के मामले ने कानून व्यवस्था और सिस्टम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप CISF में तैनात एक दारोगा पर लगा है, जिसके बाद गांव से लेकर जिले तक चर्चा तेज हो गई है।

पीड़िता के पिता संतोष कुमार मिश्रा ने थाने में दर्ज कराए गए आवेदन में बताया कि उनकी बेटी बेतिया के बानूछापर कृष्णा नगर में किराये के कमरे में रहकर पढ़ाई करती थी। आरोप है कि गांव के ही प्रमोद ठाकुर के पुत्र धामू ठाकुर उसे अपने साथ ले गया।

परिवार का दावा है कि लड़की ने फोन पर खुद बताया था कि धामू ठाकुर उसे लेकर गया है। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और परिवार का संपर्क पूरी तरह टूट गया। पीड़ित परिवार का कहना है कि लड़की नाबालिग है, इसलिए मामले को “प्रेम प्रसंग” बताकर हल्का नहीं किया जा सकता।

मामले ने उस वक्त और तूल पकड़ लिया जब पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया कि 24 मई की शाम आरोपी पक्ष के लोग हथियार लेकर उनके घर पहुंचे और पुलिस में जाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। परिवार के मुताबिक आरोपियों ने कहा कि धामू ठाकुर CISF में दारोगा है, देहरादून में तैनात है और “प्रशासन उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता।”

इस पूरे घटनाक्रम ने कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे अहम सवाल यही है कि क्या वर्दी और सरकारी नौकरी किसी को कानून से ऊपर बना देती है? अगर पीड़िता नाबालिग है तो उसकी सहमति का कानूनी महत्व नहीं होता, ऐसे में मामले में तेजी से कार्रवाई क्यों नहीं हो रही — यह सवाल स्थानीय लोग भी उठा रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक पुलिस फिलहाल मामले की जांच कई एंगल से कर रही है और प्रेम प्रसंग की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा। हालांकि गांव में लोगों के बीच यह चर्चा तेज है कि कहीं आरोपी की नौकरी और प्रभाव जांच को प्रभावित न कर दे।

फिलहाल बिहार पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन पीड़ित परिवार और स्थानीय लोग अब केवल कार्रवाई के आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस नतीजा देखना चाहते हैं।

  • ये भी पढ़े..

    प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण का संकल्प: बिहार कृषि विश्वविद्यालय में एक सप्ताह चला जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों ने ली प्लास्टिक बहिष्कार की शपथ

    Share Add as a preferred…

    वायरल हथियारबंद वीडियो को लेकर बड़ा खुलासा, नवगछिया नहीं बल्कि नाथनगर का निकला मामला; FIR दर्ज, एक आरोपी जेल भेजा गया

    Share Add as a preferred…