“फोर्स बुलाकर खाली करा लें, हम खुद नहीं करेंगे” — राबड़ी देवी के बयान के बाद हरकत में आया प्रशासन

पटना: बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। भवन निर्माण विभाग द्वारा इस आवास को मंत्री नंद किशोर राम के नाम आवंटित किए जाने के बाद इसे खाली कराने की प्रक्रिया अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है। शनिवार को पटना पुलिस की टीम सरकारी आदेश की जानकारी देने के लिए राबड़ी देवी के आवास पहुंची।

राबड़ी के बयान के बाद सक्रिय हुआ प्रशासन

इससे पहले राबड़ी देवी ने मीडिया से बातचीत में साफ कहा था कि यदि सरकार आवास खाली कराना चाहती है तो फोर्स भेजकर खाली करा सकती है। उनके इस बयान के कुछ ही समय बाद सचिवालय डीएसपी अन्नू कुमारी पुलिस बल के साथ 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास पहुंचीं। इस दौरान आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई।

आवास के अंदर हुई मुलाकात

सूत्रों के अनुसार, डीएसपी अन्नू कुमारी ने आवास के भीतर जाकर राबड़ी देवी से मुलाकात की और सरकार के आदेश की जानकारी दी। हालांकि बाहर निकलने के बाद उन्होंने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की और मुलाकात के दौरान हुई चर्चा पर भी कुछ नहीं कहा।

एक सप्ताह का समय मांगने की चर्चा

सूत्रों के हवाले से जानकारी मिल रही है कि राबड़ी देवी ने आवास खाली करने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा है। हालांकि इस संबंध में अभी तक न तो प्रशासन की ओर से और न ही राबड़ी देवी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।

अब आगे क्या होगा?

10 सर्कुलर रोड के आवंटन को लेकर चल रहा विवाद अब प्रशासनिक कार्रवाई के चरण में पहुंच चुका है। पुलिस की सक्रियता ने संकेत दे दिए हैं कि सरकार आवास खाली कराने के मामले में गंभीर है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि राबड़ी देवी निर्धारित समय में बंगला खाली करती हैं या फिर मामला और अधिक राजनीतिक तथा कानूनी रूप लेता है।

  • ये भी पढ़े..

    रेलवे बोर्ड ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के साथ आरआरबी सीबीटी परीक्षा के लिए तैयारियों को तेज करने के दिए निर्देश

    Share Add as a preferred…

    धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर तेजस्वी यादव का हमला, बोले— “यह सच्चाई, संघर्ष और युवा शक्ति की जीत”

    Share Add as a preferred…