
रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। रेलवे बोर्ड ने वर्ष 2026 के लिए तकनीशियन पदों पर बंपर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत कुल 6,565 पदों पर नियुक्ति की जाएगी, जिसके लिए जल्द ही केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचना (CEN) जारी होने वाली है।
39 श्रेणियों में होगी भर्ती
रेल मंत्रालय के निर्देश पर सभी जोनल रेलवे और प्रोडक्शन यूनिट्स को तकनीशियन पदों की रिक्तियों का आकलन कर अंतिम प्रस्ताव भेजने को कहा गया है। यह भर्ती कुल 39 अलग-अलग श्रेणियों में की जाएगी। रेलवे और प्रोडक्शन यूनिट-वार रिक्तियों का विस्तृत विवरण एनेक्चर-ए में जारी किया जाएगा।
पूर्व मध्य रेलवे में कुल 186 पद प्रस्तावित हैं, जिनमें पटना, मुजफ्फरपुर और रांची के पद शामिल हैं।
एक सप्ताह में भेजनी होगी रिक्तियां
रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल इकाइयों को निर्देश दिया है कि वे एक सप्ताह के भीतर इंडेंट मैनेजमेंट सिस्टम (OIRMS) के माध्यम से अपनी अंतिम मांग प्रस्तुत करें। इस भर्ती प्रक्रिया का समन्वय रेलवे भर्ती बोर्ड, बेंगलुरु करेगा, ताकि समय पर अधिसूचना जारी की जा सके।
आरक्षण नियमों का होगा पालन
भर्ती प्रक्रिया में एससी, एसटी, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्गों के लिए निर्धारित आरक्षण नियमों का पालन किया जाएगा। साथ ही बैकलॉग और वर्तमान दोनों प्रकार की रिक्तियों को इसमें शामिल किया जाएगा।
भर्ती प्रक्रिया होगी सरल
रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि समान मेडिकल मानकों, दिव्यांगजन (PwBD) श्रेणियों और समान शैक्षणिक योग्यता वाले पदों को एक साथ जोड़कर भर्ती प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा।
नोडल आरआरबी इन श्रेणियों की पहचान कर एकीकृत अधिसूचना जारी करेगा। चयनित अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से विभाग और श्रेणी का आवंटन संबंधित रेलवे जोन के आधार पर किया जाएगा।
इस भर्ती से देशभर के लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है।


